जम्मू-कश्मीर: रामबन में अस्थायी झोपड़ियों में लगी आग, 3 की मौत
Ramban Fire News: जम्मू-कश्मीर के रामबन में आग लगने की बड़ी घटना सामने आई है। हामेर गली पाइट बिंगारा में अस्थायी झोपड़ियों में आग लग गई। इस घटना में तीन की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
सूचना के बाद मेडिकल टीम पीएचसी उखराल मौके पर मौजूद है। जिला प्रशासन कार्रवाई कर रही है और एसडीआरएफ और रेड क्रॉस फंड के माध्यम से सहायता प्रदान किया जा रहा है। मुसरत जिया उपायुक्त रामबन ने हादसे की जानकारी साझा की।

मां और दो बेटियों की मौत
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा बुधवार देर शाम हुआ, जहां आग लगने की एक घटना में तीन लोगों, जिसमें एक मां और उसकी दो बेटियों की जलकर मौत हो गई।
वहीं इस हादसे में एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ढोक में अस्थायी झोपड़ियों के एक समूह में आग की घटना सामने आई है। आग देखते ही देखते चारों तरफ फैल गई, जिसकी चपेट में आकर तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
पति और सास गंभीर घायल
बताया जा रहा है कि घायलों में मृतक महिला के पति और सास को चोटें आईं हैं। पुलिस ने बताया कि जिन झोपड़ियों में आग लगने की घटना घटी, वो गुज्जर समुदाय के सदस्यों की थीं।
मृतकों की पहचान नजमा बेगम (25) और उनकी बेटियां अस्मा बानो (6) और इकरा बानो (2) के रूप में हुई है। आग से झुलसे दो लोगों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं आग लगने के क्या कारण थे, पुलिस उसकी जांच में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications