Rahul Gandhi: 'हमले का मकसद समाज को बांटना था', श्रीनगर में बोले राहुल गांधी, घायलों से भी की मुलाकात
Rahul Gandhi: जम्मू कश्मीर में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) शुक्रवार को श्रीनगर पहुंचे। यहां सीएम उमर अब्दुल्ला से उनके आवास पर मुलाकात की। साथ ही, पहलगाम आतंकवादी हमले के घायलों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
राहुल गांधी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'यह एक दुखद घटना है...जम्मू-कश्मीर के सभी लोगों ने इस आतंकी हमले की निंदा की है। इस परिस्थिति में कश्मीर के लोग पूर्ण रूप से भारत के साथ हैं। मैं सभी को कहना चाहता हूं कि आज सारा देश एक साथ खड़ा है। कल हमारी सरकार के साथ बैठक हुई जिसमें विपक्ष ने इस घटना की निंदा की है।

सरकार जो भी कार्रवाई करेगी, हम उसमें उनके साथ खड़े हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि मैं यहां यह जानने आया हूं कि क्या हो रहा है और मदद करने आया हूं। जम्मू-कश्मीर के सभी लोगों ने इस भयानक कार्रवाई की निंदा की है और उन्होंने पूरे देश का समर्थन किया है। मैं घायल हुए लोगों में से एक से मिला हूं।
मेरा प्यार और स्नेह उन सभी लोगों के प्रति है जिन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को खोया है और मैं सभी को बताना चाहता हूं कि पूरा देश एकजुट होकर खड़ा है। कल हमने सरकार के साथ बैठक की और संयुक्त विपक्ष ने इस कार्रवाई की निंदा की और कहा कि सरकार जो भी कार्रवाई करना चाहती है, हम उसका समर्थन करेंगे।
जो कुछ हुआ है उसके पीछे समाज को बांटने, भाई को भाई से लड़ाने का विचार है। उन्होंने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हर एक भारतीय एकजुट हो, एक साथ खड़ा हो, ताकि हम आतंकवादियों को हरा सकें जो करने की कोशिश कर रहे थे। राहुल गांधी ने कहा, यह देखकर दुख होता है कि कुछ लोग कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों में मेरे भाइयों और बहनों पर हमला कर रहे हैं।
मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हम सभी एक साथ खड़े हों, एकजुट रहें और इस घिनौनी कार्रवाई का मुकाबला करें और आतंकवाद को हमेशा के लिए हरा दें। मैंने मुख्यमंत्री और एलजी से भी मुलाकात की और उन्होंने मुझे जो कुछ हुआ उसके बारे में जानकारी दी और मैंने उन दोनों को आश्वासन दिया कि मेरी पार्टी और मैं उनका पूरा समर्थन करने जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications