पुंछ आतंकी हमले के दो संदिग्ध पाक आतंकियों का स्केच जारी, 20 लाख का ईनाम
जम्मू कश्मीर के पुंछ में जिस तरह से आतंकियों ने वायुसेना की गाड़ी पर हमला किया था, उसके बाद जम्मू कश्मीर की सिक्योरिटी फोर्स ने दो पाकिस्तानी आतंकियों का स्केच जारी किया है।
साथ ही ऐलान किया गया है कि जो भी इन आतंकियों के बारे में जानकारी देगा और गिरफ्तारी में मदद करेगा उसे 20 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा।

गौर करने वाली बात है कि इस आतंकी हमले में वायुसेना के कॉर्पोरेल विक्की पहाड़े शहीद हो गए थे, जबकि पांच जवान घायल हुए थे। आतंकियों ने पुंछ के शहिस्तार इलाके में वायुसेना के दस्ते पर हमला बोल दिया था।
इस हमले के बाद से सुरक्षाकर्मी लगातार इस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। आर्म्ड बुलेटप्रूफ गाड़ी और डॉग स्क्वॉड को आतंकियों की तलाश करने के लिए लगाया गया है। रविवार को कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी यहां का दौरा किया था।
जम्मू के एडीजीपी ने बताया कि जम्मू जोन के एडीजी आनंद जैन, सीआरपीएफ के आईजी, डीआईजी सहित कई अधिकारियों ने यहां का दौरा किया। साथ ही यहां चल रहे सघन सर्च ऑपरेशन का जायजा लिया। कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि विक्की पहाड़े मौत से 15 दिन पहले ही वापस ड्यूटी पर आए थे। उनकी बहन की शादी थी, जिसकी वजह से वह लंबी छुट्टी पर थे। उन्हें जम्मू कश्मीर में पोस्ट किया गया था। वह मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के रहने वाले थे। वर्ष 2011 में वह वायुसेना में शामिल हए थे। उनकी पत्नी, एक बेटी रीना और बेटा हार्दिक है।
विक्की के शहीद होने पर उनकी बहन गीता पहाड़े ने कहा कि उसे अपने भाई पर गर्व है। मैं अपने भाई के लिए न्याय चाहती हूं। भारतीय वायुसना ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करके लिखा कि हम पूरी मजबूती के साथ इस दुख की घड़ी में विक्की पहाड़े के परिवार के साथ खड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications