जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकियों का तांडव, गैर स्थानीय व्यक्ति की हत्या, सुरक्षा बलों ने शुरू किया अभियान
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों ने एक गैर-स्थानीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना जैनापोरा के वदुना इलाके में हुई है। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार 18 अक्टूबर को दी। इस घटना के बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और आतंकवादियों की तलाश शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। वहीं, शोपियां के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक आतंकवादी हमला है। शव को किसी बाहरी व्यक्ति का है, जिसकी पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।

खबर के मुताबिक, मृतक शख्स की पहचान अशोक चौहान के रूप में हुई है। यह दुखद घटना छह साल तक राष्ट्रपति शासन के बाद उमर अब्दुल्ला के जम्मू-कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के कुछ समय बाद हुई। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन विजयी हुआ।
जिसमें जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) ने 42 सीटें हासिल कीं और कांग्रेस ने छह सीटें जीतीं। यह चुनाव एक दशक के लंबे अंतराल के बाद हुआ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी उल्लेखनीय बढ़त हासिल करते हुए 29 सीटें जीतीं। वहीं, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने तीन सीटें जीतीं।
पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, सीपीआई (एम) और आप जैसी अन्य पार्टियों ने एक-एक सीट जीती, जबकि सात निर्दलीय उम्मीदवारों को सफलता मिली। गुरुवार को उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर के सिविल सचिवालय में अपनी पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। इससे पहले वे 2009 से 2014 तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications