जम्मू कश्मीर: किश्तवाड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आतंकवादियों की संपत्ति जब्त
Jammu Kashmir News: आतंकवादी नेटवर्कों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुरुवार को किश्तवाड़ जिले में सात फरार आतंकवादियों की संपत्तियां जब्त की हैं। ये सभी आतंकवादी वर्तमान में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में छिपे हुए हैं और पाकिस्तान से अपनी गतिविधियां चला रहे हैं।
किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जावेद इकबाल ने बताया कि पीओके और पाकिस्तान से सक्रिय किश्तवाड़ के 36 आतंकवादियों को भगोड़ा घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि सबूतों की समीक्षा के बाद, विशेश एनआईए डोडा की अदालत ने धारा 83 सीआरपीसी (फरार व्यक्ति की संपत्ति की कुर्की) के तहत कुर्की के आदेश जारी किए।

एसएसपी किश्तवाड़ ने आदेशों को निष्पादित करने के लिए कार्यकारी मजिस्ट्रेटों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें बनाईं। कुर्क की गई संपत्तियों को आम जनता को सूचित करने के लिए साइनबोर्ड के साथ चिह्नित किया गया है।" जब्त की गई संपत्तियां चिरूल पद्यारना के शाहनवाज अहमद, जुगना के बशीर अहमद मुगल की है।
इतना ही नहीं, जुगना बलना के गाजी-उद-दीन, जुगना केशवान के सत्तार दीन, बंदेरना के इम्तियाज अहमद, सेमना कॉलोनी ज़ेवर के मुजफ्फर अहमद और कुंडली पोचल के जाविद हुसैन गिरी की हैं। किश्तवाड़ पुलिस स्टेशन में इन आतंकियों पर आईपीसी की धारा 120बी, 121ए और यूएपीए की धारा के तहत मामले दर्ज किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि गहन जांच और खुफिया सूचनाओं के बाद ये कार्रवाई की गई। जांच को डोडा में एनआईए की विशेष अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया गया। 36 फरार आतंकवादियों में से सात की संपत्तियों की पहचान कानूनी कार्यवाही के तहत कुर्की के लिए की गई थी। कुर्क की गई संपत्तियों पर आम जनता को सूचित करने के लिए साइनबोर्ड लगाए गए हैं।
जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने बताया कि 29 और फरार आतंकवादियों की संपत्तियों की भी पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि उनकी कुर्की की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही पूरी हो जाएगी, जिससे आतंकवादी गुर्गों पर शिकंजा और कस जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications