कौन थे वो सरपंच जिन्हें जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने मार डाला! दरियादिली के लिए लोगों के बीच थे मशहूर
Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर में शनिवार शाम को दो अलग-अलग आतंकवादी हमले हुए। इन हमलों में एक पूर्व भाजपा सरपंच ऐजाज अहमद शेख की मौत हो गई और जयपुर के दो पर्यटक घायल हो गए। एक चश्मदीद ने इस भयावह घटना के बारे में बताते हुए कहा कि वह देख नहीं सका कि गोली चलाने वाला कहां से आया था।
घटना जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग और शोपियां जिले में हुई। अनंतनाग के पहलगाम में आतंकियों ने जयपुर के दो पर्यटकों पर हमला कर दिया। एक अन्य आतंकी घटना में दक्षिण कश्मीर के शोपियां के हीरपोरा में बीजेपी नेता और पूर्व सरपंच ऐजाज अहमद शेख की हत्या कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कैसे हुआ था ऐजाज पर हमला
प्रत्यक्षदर्शी इरफान अहमद शेख ने बताया, "शूटर ने ऐजाज अहमद शेख पर गोली चलाई। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।" जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा मारे गए पूर्व सरपंच ऐजाज अहमद शेख के दोस्त वसीम अहमद ने कहा कि जब घटना के बारे में पता चला तो वे घर पर थे। अहमद ने यह भी कहा कि मृतक अपनी दरियादिली और संवेदनशीलता के लिए जाने जाते थे।
शेख के दोस्त वसीम अहमद ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "हम घर पर थे। अचानक एक फोन आया, जिसमें मुझे इस घटना के बारे में बताया गया। वह एकमात्र ऐसे सरपंच हैं, जिन्होंने विकास के मामले में नाम छोड़ा है। वह दरियादिली के साथ-साथ सहानुभूति के लिए भी जाने जाते थे। मैंने कई सरपंचों को देखा है। भगवान जाने कि उन्हें क्यों मारा गया। यह बहुत दुखद खबर है।"
रिश्तेदार ने बताया कब मारी गई ऐजाज को गोली
ऐजाज अहमद शेख के रिश्तेदार इरफान अहमद शेख ने कहा, "रात करीब 10 बजे हमने गोली चलने की आवाज सुनी लेकिन हमें नहीं पता था कि यह कौन था और आवाज कहां से आई थी। 10-15 मिनट बाद उनकी मां ने कहा कि उनके बेटे को किसी ने गोली मार दी है। हमें नहीं पता कि गोली चलाने वाला कहां से आया और कहां गया। 10-15 मिनट के बाद, पुलिस और सेना यहां आई और हम उसे (एजाज अहमद शेख) अस्पताल ले गए, डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।"
आतंकी हमले में पाकिस्तान शामिल: बीजेपी
बीजेपी ने इस हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ होने की आशंका जताई है। बीजेपी प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर का कहना है कि श्रीनगर में हो रहे भारी मतदान से हताश हो कर आतंकवादियों ने इन हमलों को अंजाम दिया है।
ऐजाज अहमद शेख की हत्या पर दुःख व्यक्त करते हुए जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा,"यह दुखद बात है कि पर्यटकों पर हमला किया जा रहा है और भाजपा के एक पार्टी कार्यकर्ता, ऐजाज अहमद की हत्या की गई है। यह श्रीनगर में भारी मतदान के कारण पाकिस्तान और आतंकवादियों की हताशा का परिणाम है।"
#WATCH | Jammu & Kashmir BJP spokesperson, Altaf Thakur says, "It's a sad thing that tourists are being attacked and one party worker of the BJP, Aijaz Ahmad being killed. It's an output of the frustration of Pakistan and militants due to heavy voter turnout in Srinagar... Today… https://t.co/GF4LTK64r4 pic.twitter.com/666pj8ssHP
— ANI (@ANI) May 19, 2024
उन्होंने आगे कहा, "आज कश्मीरी वोट देना चाहते हैं और आतंकवाद से इनकार कर चुके हैं। वे मुख्यधारा की राजनीति में हिस्सा लेना चाहते हैं और लोकतंत्र के माध्यम से अपना प्रतिनिधि स्थापित करना चाहते हैं। कुछ दिन पहले बीजेपी ने डीसी को लिखा था कि उन्हें (एजाज अहमद) खतरा है और उन्होंने प्रशासन से उन्हें आवास मुहैया कराने को कहा था, लेकिन डीसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, मुझे लगता है कि एजाज साहब की हत्या के लिए डीसी जिम्मेदार हैं। आज, हम इसके लिए श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन करेंगे और परसों, हम डीसी कार्यालय का 'घेराव' करेंगे और उनसे जवाब मांगेंगे..."
जम्मू-कश्मीर बीजेपी मीडिया सेल के प्रभारी साजिद यूसुफ शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "हम आज (शनिवार) शोपियां के हीरपोरा में पूर्व सरपंच ऐजाज अहमद शेख की आतंकवादियों द्वारा की गई हत्या की कड़ी निंदा करते हैं।"
उन्होंने कहा, "वह जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी के एक बहादुर सिपाही थे। भाजपा इस आतंकी हमले में जान गंवाने वाले ऐजाज अहमद के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।"
फारूक अब्दुल्ला ने कहा, तेजी से हो जांच
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के संरक्षक फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पूर्व सरपंच की मौत की जांच की जरूरत है। अब्दुल्ला ने अहमद की हत्या आतंकियों ने की है किसी और ने इस बात पर सवाल उठाते हुए कहा, "आतंकवाद अभी भी यहां मौजूद है...चाहे वह (भाजपा नेता और पूर्व-सरपंच ऐजाज अहमद शेख) किसी भी पार्टी का सदस्य हो, किसी को निशाना बना रहा है, इस बात की जांच की जानी चाहिए कि क्या उसे आतंकवादियों ने मारा या यहां के लोगों ने... इसकी तेजी से जांच होनी चाहिए...पहलगाम में पर्यटकों पर भी हमला किया गया...यह एक त्रासदी है, यह हमारे पर्यटन उद्योग को प्रभावित कर रहा है।''
25 मई को अनंतनाग-राजौरी में होने हैं मतदान
बता दें, यह आतंकी हमला 25 मई को अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र के लिए होने वाले मतदान से कुछ दिन पहले हुआ है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में पार्टी नेता और पूर्व सरपंच की आतंकवादियों द्वारा हत्या की निंदा की और इस मुश्किल वक्त में मृतक के परिवार के साथ साथ खड़े रहने की बात कही।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात शोपियां जिले के हीरपोरा में आतंकियों ने ऐजाज अहमद शेख पर फायरिंग की। हमले में घायल ऐजाज को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में बयान जारी करते हुए आईजीपी कश्मीर ने कहा था, "दक्षिण कश्मीर के शोपियां के हीरपोरा में आतंकवादियों द्वारा गोली मारे जाने के बाद भाजपा नेता और पूर्व सरपंच ऐजाज अहमद शेख की मौत हो गई।"












Click it and Unblock the Notifications