कठुआ: नदी में अचानक आई बाढ़ में फंसे 5 लोग, वायुसेना ने किया रेस्क्यू
जम्मू, 21 जुलाई: मानसून की बारिश कई इलाकों में राहत लेकर आई, लेकिन पहाड़ी इलाकों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले में मंगलवार को भारी बारिश के बाद उज्ज नदी में अचानक बाढ़ आ गई। जिसमें 5 लोग फंस गए थे। स्थानीय प्रशासन ने शुरू में अपने स्तर पर बचाव अभियान चलाया, लेकिन वो कामयाब नहीं हुए। जिसके बाद तुरंत वायुसेना की मदद मांगी गई। फिर जाकर सभी को वहां से सकुशल निकाला जा सका।

मामले में डिफेंस पीआरओ ने बताया कि कठुआ जिले में 5 लोगों के नदी के बीच में फंसे होने की खबर वायुसेना को मिली थी। जिस पर तुरंत MI-17 हेलीकॉप्टर को रेस्क्यू के लिए भेजा गया। हेलीकॉप्टर के जरिए दो बार में 5 लोगों को बाढ़ वाले इलाके से निकाला गया। इसमें 4 खंडवाल और 1 माही चक इलाके के रहने वाले थे। सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। वहीं दूसरी ओर बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
7 लोग किए गए रेस्क्यू
जम्मू-कश्मीर में पिछले दो-तीन दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। जिस वजह से छोटी नदियां अचानक उफान पर आ गईं। इस बीच सोमवार को तरनाह नाले में 3 लोग फंस गए। जिसके बाद एसएसपी कठुआ ने तुरंत स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ को भेजा। कई घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को सकुशल निकाल लिया गया। पुलिस के मुताबिक तीनों सुबह के वक्त नाले की तरफ गए थे, तभी अचानक तेज बहाव आया और वो वहीं फंस गए। इसके अलावा चार मछुआरे उज्ज नदी में फंसे थे। उनको भी स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications