गुलाम नबी आजाद ने कश्मीर में चुनाव की मांग फिर दोहराई, कहा- विकास में पिछड़ गया है प्रदेश
श्रीनगर, अगस्त 02। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराए जाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। केंद्र में सत्ताधारी बीजेपी के साथ-साथ अब तो विपक्षी पार्टियों ने भी प्रदेश में चुनाव कराए जाने की मांग की है। खासकर कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश में चुनाव को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। इस बीच कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि सर्वदलीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा दिए गए आश्वासन को अल्पावधि में लागू किया जाए ताकि प्रदेश के लोगों को इसका लाभ मिले। गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में पिछले 4 साल से कोई भी निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं हैं। इसकी वजह से प्रदेश के कई क्षेत्र पीछे चले गए हैं और विकास कार्य एकदम रूक गए हैं।

जम्मू कश्मीर में कांग्रेस पार्टी चुनाव के लिए तैयार है- आजाद
आपको बता दें कि गुलाम नबी आजाद जम्मू कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने कहा था कि प्रदेश के अंदर चुनाव जब भी हों, सभी को उन चुनावों में हिस्सा लेना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी ने तो चुनाव को लेकर तैयारी भी शुरू कर दी है।
जम्मू कश्मीर में होगा परिसीमन
गुलाम नबी आजाद ने कहा था कि जब बीजेपी ने राज्य में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं तो कांग्रेस समेत सभी दलों को अब तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि चुनाव में सभी को हिस्सा लेना चाहिए। आपको बता दें कि जम्मू कश्मीर में केंद्र सरकार ने चुनाव कराने की तैयारियां वैसे शुरू कर दी हैं। सरकार प्रदेश में फिर से परिसीमन करा रही है, जिसकी प्रक्रिया जारी है। हाल ही में परिसीमन आयोग ने जम्मू कश्मीर का दौरा भी किया था।












Click it and Unblock the Notifications