Kashmir: एक दिन के ब्रेक के बाद शुक्रवार को बनिहाल से शुरू होगी 'भारत जोड़ो यात्रा', सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राहुल गांधी गणतंत्र दिवस के लिए दिल्ली आए थे। शुक्रवार से उनकी यात्रा फिर से शुरू होगी, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अपने आखिरी पड़ाव में है। बुधवार को भारी बारिश और भूस्खलन के कारण यात्रा नहीं हो पाई थी, जबकि गुरुवार को गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए राहुल गांधी दिल्ली चले आए। ऐसे में अब शुक्रवार यानी 27 जनवरी से यात्रा फिर से शुरू होगी, जिसके लिए सारी तैयारियां कर ली गई हैं। जम्मू-कश्मीर के हालात को देखते हुए यात्रा मार्ग में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश के मुताबिक राहुल गांधी विशेष विमान से जम्मू से दिल्ली आए थे। वहां पर उन्होंने गणतंत्र दिवस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। वो 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के बनिहाल से अपनी यात्रा को फिर से शुरू करेंगे। बनिहाल के बाद ये यात्रा अनंतनाग जिले के काजीगुंड से होते हुए कश्मीर घाटी में प्रवेश करेगी। कांग्रेस नेता के मुताबिक 30 जनवरी को श्रीनगर में यात्रा का समापन किया जाएगा।
देशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की बधाई
वहीं राहुल गांधी ने एक वीडियो ट्वीट कर देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा कि एकता, सद्धभावना, समानता और संप्रभुता, हमारे संविधान के आधार स्तंभ और हमारे गणतंत्र की आत्मा हैं। राहुल ने जो वीडियो शेयर किया है वो उनकी भारत जोड़ो यात्रा का वीडियो है। वीडियो में राहुल गांधी कहते हैं कि ये तिरंगा भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के धर्म का प्रतिनिधित्व करता है। ये झंडा हमारे देश के हर राज्य का प्रतिनिधित्व करता है। राहुल गांधी कहते हैं कि सबसे जरूरी बात, संविधान की बात, सिर्फ झंडे को सैल्यूट करना काफी नहीं है, बल्कि यह जरूरी है कि झंडे के पीछे के विचार और मूल्यों की रक्षा करना। ये बहुत जरूरी है कि हम भारत के लोगों को एकजुट करें और इस बात को सुनिश्चित करें के भारत को मजबूत बनाना है।
'हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा' भी शुरू
भारत जोड़ो यात्रा के खत्म होने से पहले कांग्रेस ने 'हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा' शुरू कर दी है। 26 जनवरी से शुरू इस यात्रा को उन 9 राज्यों से जोड़कर देखा जा रहा, जहां पर विधानसभा के चुनाव होने हैं। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता मोदी सरकार के खिलाफ राहुल गांधी की चिट्ठी को जनता तक पहुंचाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications