Kulgam Encounter: दो एनकाउंटर में सुरक्षा बलों ने 4 आतंकी किए ढेर, 2 जवान शहीद
Kulgam Encounter: जम्मू कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बला का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। 9 जून को रियासी में तीर्थ यात्रियों की बस पर आतंकियों ने गोलियां बरसाई थी, जिसमें 10 लोगों की जान गई। इस आतंकी हमले के बाद घाटी से फिर से आतंकियों के सफाए के लिए बड़े पैमाने पर ऑपरेशन जारी है।
अब इस कड़ी में दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच चल रहे दो एनकाउंटर में 4 आतंकियों को ढेर कर दिया गया। जबकि गोलीबारी में सेना के दो जवान भी शहीद हुए हैं।

सर्च ऑपरेशन के दौरान एनकाउंटर
कुलगाम के मोदरगाम गांव में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी के आधार पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। जैसे ही सुरक्षा बल घर के करीब पहुंचे, छिपे हुए आतंकवादियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे एक जवान घायल हो गया, जिसने बाद में सेना के अस्पताल में दम तोड़ दिया। शहीद जवान का नाम लांस नायक प्रदीप नैन (पैरा कमांडो) था।
दो घंटे बाद कुलगाम जिले के फ्रिसल चिन्नीगाम इलाके में एक और मुठभेड़ शुरू हुई। सेना को लश्कर ग्रुप के बारे में खुफिया सूचना मिली, जिसके बाद सुरक्षा बल उस क्षेत्र में पहुंच गए और दोनों ओर से गोलीबारी होने लगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुरक्षा बलों को आतंकियों की गतिविधि के बारे में सूचना मिली थी, जिसके बाद लक्षित घर को घेर लिया गया और घर के अंदर से गोलियां चलाई गईं। चिन्नीगाम में मुठभेड़ अभी भी जारी है।
पैरा कमांडो और हवलदार शहीद
मोदरगाम में एक पैरा कमांडो और फ्रिसल गांव में सेना का एक हवलदार मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हो गए। मोदरगाम मुठभेड़ स्थल पर चार आतंकवादियों को मार गिराया गया है। न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक सेना ने बताया कि मोदरगाम में और आतंकवादी छिपे हुए हैं, क्योंकि घर के अंदर से गोलीबारी जारी है।
दोनों ऑपरेशन जारी हैं और इलाके के चारों ओर कड़ी घेराबंदी कर दी गई है। मुठभेड़ ऐसे समय में हुई है, जब अमरनाथ यात्रा चल रही है और आतंकी संगठनों ने इसे निशाना बनाने की धमकी दी है। अधिकारियों के अनुसार दोनों मुठभेड़ हिजबुल मुजाहिदीन के लिए झटका है।
बता दें कि इस क्षेत्र में हाल ही में आतंकवादी गतिविधियों में इजाफा देखा गया है। पिछले महीने ही सुरक्षा बलों ने डोडा जिले के गंडोह इलाके में तीन आतंकवादियों को मार गिराया था। वहीं इससे पहले सुरक्षा बलों ने पुलवामा में दो आतंकियों को मार गिराया था।












Click it and Unblock the Notifications