PoK से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे 4 आतंकियों को सेना ने किया ढेर
जम्मू कश्मीर में आतंकियो के साथ सुरक्षाकर्मियों का एनकाउंटर हुआ है। जम्मू कश्मीर पुलिस की ओर से इस एनकाउंटर की जानकारी दी गई है। जानकारी के अनुसार भारतीय सेना और पुलिस के साझा ऑपरेशन में चार आतंकियों को मार गिराया गया है।
जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि कुपवाड़ा के माछल सेक्टर में काला जंगल में साझा ऑपरेशन में चार आतंकियों को मार गिराया गया है। ये आतंकी पाक अधिकृत कश्मीर की ओर से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।

बता दें कि तकरीबन एक हफ्ते पहले भी कुपवाड़ा जिले के जुमगुंड केरन में घुसपैठ की बड़ी कोशिश को सेना ने विफल किया था। सुरक्षाकर्मियों ने साझा ऑपरेशन में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था।
वज्र डिविजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल गिरीश कालिया ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर समझौता हुआ है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में बड़ी संख्या में इसका इनपुट मिल रहा है कि एलओसी के पार से घुसपैठ की कोशिश हो सकती है।
ये आतंक गुरिला युद्ध में माहिर थे, ये गुरुवार देर रात भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले 16 जून को भी 5 आतंकियों को सुरक्षाकर्मियों ने ढेर कर दिया था। जिसके बाद बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।
वहीं 13 जून को दो आतंकियों को भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने साझा ऑपरेशन में ढेर कर दिया था। कश्मीर जोन पुलिस की ओर से ट्वीट करके कहा कि दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications