जालौन: दोनों आंखें फोड़ किशोरी की गई नृशंस हत्या, रेप की भी आशंका
जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में रविवार को एक नाबालिग किशोरी का शव झाड़ियों में पड़ा मिला है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ता शुरू कर दी है। पुलिस की मानें तो नाबालिग की दोनों आंखें फोड़ कर नृशंसता से उसकी हत्या कर दी गई। वहीं, शरीर पर कपड़े न होने से रेप की भी आशंका जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना आटा थाना क्षेत्र की है। यहां 15 वर्षीय किशोरी शनिवार रात शौच के लिए गई थी, इसके बाद काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। नाबालिग के न मिलने पर परिजनों ने आटा थाना में भी सूचना दी। रात में पुलिस ने भी तलाश किया, लेकिन किशोरी का पता नहीं चला। रविवार की सुबह गांव से दूर झाड़ियों में किशोरी का शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और चाकू से आंखें फोड़ दी गई थीं। हत्या की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
बताया जा रहा है कि दुष्कर्म के बाद किशोरी के ही दुपट्टे से गला घोटकर हत्या की गई और चाकू से आंखें गोद दी गईं। वारदात की जानकारी होते ही पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। डीआइजी सुभाष बघेल, एसपी डॉ सतीश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह, क्षेत्राधिकारी संजय शर्मा के साथ छानबीन के लिए पहुंचे। स्थानीय पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की है।