Rajasthan News: वसुंधरा राजे की नाराजगी दूर कर पाएंगे सीएम भजन लाल शर्मा? जानिए मुलाकात के सियासी मायने
Rajasthan News: राजस्थान की सियासत से लंबी दूरी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एक बार फिर सुर्खियों में आई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने पूर्व सीएम राजे से मुलाकात की है। हाल ही में भजन लाल सरकार के कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के इस्तीफे बाद सूबे की सियासत गरमा गई थी। इसके बाद सीएम शर्मा की वसुंधरा राजे से मुलाकात की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। सियासी गलियारों में इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। सवाल यह भी है कि क्या सीएम भजन लाल शर्मा की मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की पार्टी से चल रही नाराजगी दूर हो जाएगी। आइए जानते हैं पार्टी के दो अहम नेताओं की मुलाकात के मायने।
वसुंधरा राजे ने राजनीति से बना रखी दूरी
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विधानसभा चुनाव के बाद से प्रदेश की सक्रिय राजनीति से दूरी बना रखी है। वसुंधरा राजे पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। लेकिन वह न तो दिल्ली में सक्रिय है और न राजस्थान की राजनीति में सक्रिय है। लोकसभा चुनाव के दौरान वसुंधरा राजे ने बारां-झालावाड़ लोकसभा सीट पर ही चुनाव प्रचार किया। लोकसभा चुनाव के लिए हुए पार्टी के स्टार प्रचारकों में शामिल थी। लेकिन उन्होंने चुनाव प्रचार से दूरी बनाए रखी।

सीएम बनने के बाद दूसरी बार मिलने पहुंचे भजनलाल
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे से मुख्यमंत्री बनने के बाद भजनलाल शर्मा की यह दूसरी मुलाकात थी। दोनों नेताओं के बीच तकरीबन एक घंटे की बातचीत हुई। इस दौरान बजट सत्र और आगामी पांच विधानसभा उपचुनाव को लेकर चर्चा की गई। वसुंधरा राजे राजस्थान में पकड़ रखने वाले नेताओं में शामिल है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी हाई कमान वसुंधरा राजे को लेकर गंभीर है। ऐसे में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को वसुंधरा राजे से मुलाकात के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्थान में वसुंधरा राजे का खेमा निष्क्रिय
प्रदेश में वसुंधरा राजे के दो बार मुख्यमंत्री रहने के बाद पार्टी नेताओं का बड़ा धड़ा उनसे जुड़ा हुआ था। यह खेमा लोकसभा चुनाव में निष्क्रिय नजर आया।नतीजा यह रहा की पार्टी को 14 लोकसभा सीट पर ही जीत मिल पाई। ऐसे में अगर वसुंधरा राजे प्रदेश की सियासत में एक बार फिर सक्रिय होती है तो माना जा रहा है कि विधानसभा उपचुनाव में पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन कर सकती है।
विधानसभा उपचुनाव मुख्यमंत्री के लिए कड़ी परीक्षा
राजस्थान में 5 सीटों पर विधायकों के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद इन सीटों पर उपचुनाव होने हैं। राजस्थान में उपचुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। ऐसे में इन पांच सीटों के विधानसभा उपचुनाव मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए कड़ी परीक्षा है। चर्चा इस बात को लेकर भी है की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वसुंधरा राजे से उपचुनाव को लेकर भी मुलाकात की है। अगर भजन लाल शर्मा वसुंधरा राजे की नाराजगी दूर करने में सफल होते हैं तो पार्टी के विधानसभा उपचुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications