पत्नी सह नहीं पाई जुदाई, पति की मौत के 20 मिनट बाद छोड़ी दुनिया, एक ही चिता पर अंतिम संस्कार
जयपुर, 27 दिसम्बर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के पास चौमूं पुलिस थाना इलाके में बुजुर्ग दंपती साथ जिए और साथ ही दुनिया छोड़ दी। दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। पति-पत्नी का एक साथ दुनिया से रुखसत होना क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा।

जानकारी के अनुसार चौमूं के देवथला के ब्राह्मण मोहल्ले में रविवार सुबह तबीयत खराब होने से 85 वर्षीय सीताराम शर्मा की मौत हो गई थी। पति के निधन के सदमे में 20 मिनट बाद ही पत्नी 83 वर्षीय भंवरी देवी की भी मौत हो गई।
गांव के लोग बताते हैं कि सीताराम शर्मा पहले टाटानगर में काम करते थे और अपने परिवार का भरण पोषण करते थे, लेकिन वृद्धावस्था होने के बाद से गांव में ही रहने लगे थे। ग्रामीणों ने पति-पत्नी के प्रेम की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों ही एक-दूसरे का ध्यान रखते थे। दंपती का स्वभाव भी मिलनसार था।
देवथला गांव निवासी सीताराम शर्मा का विवाह इटावा भोपजी स्थित गोठवालों की ढाणी निवासी भंवरी देवी शर्मा के साथ करीब 60 वर्ष पहले हुआ था। सीताराम शर्मा और भंवरी देवी के चार बेटे और दो बेटियां है, जिनमें दो बेटे अविवाहित हैं।












Click it and Unblock the Notifications