Viral Video: जयपुर में युवक ने विदेशी महिला पर्यटकों पर लगाए 'प्राइस टैग' पुलिस ने दर्ज की FIR
सात समंदर पार के सैलनियों की पसंद जयपुर में विदेशी महिला पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार करना एक युवक को भारी पड़ गया। जयपुर ने उस युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जो महिला पर्यटकों पर 'प्राइस टैग' लगा रहा था।
जयपुर के आमेर किले की साइड शूट किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई है। आरोपी ने इंस्टाग्राम रील के लिए न केवल महिला पर्यटकों को परेशान किया बल्कि उनको खास दुकानों से खरीदारी करने के लिए मजबूर भी किया।

आरोपी युवक ने इंस्टाग्राम हैंडल- @guru__brand0000 पर ये वीडियो शेयर किए हैं, जिन्हें देखने के बाद कई यूजर्स ने आक्रोश जताया। एक वीडियो में आरोपी विदेशी महिला पर्यटकों से संपर्क करते और यह कहते हुए देखा जा सकता है कि 'वे (विदेशी महिला पर्यटक) 150 रुपये में उपलब्ध हैं।'
इसके अलावा युवक अन्य कई विदेशी महिला पर्यटकों की ओर इशारा करते हुए कहता है कि 'ये 150 रुपए में उपलब्ध है, यह 200 और आप इसे 500 रुपये में प्राप्त कर सकते हैं। कथित तौर पर हिंदी नहीं समझने वाली ये महिला सैलानी कैमरे की ओर हाथ हिलाती दिखाई देती हैं।
जयपुर पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो इस साल अप्रैल में शूट किया गया था और आरोपी पर्यटकों से स्थानीय गाइड के रूप में मिला था। फिर उन्हें कुछ खास दुकानों पर खरीदारी करने के लिए मजबूर करता था। इससे पहले, आमेर किले के अंदर लड़कों के एक समूह ने उसकी पिटाई की थी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई उपयोगकर्ताओं द्वारा वीडियो साझा किए जाने के बाद जयपुर पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (किसी महिला पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग करने से संबंधित) और 505 (2), आईटी अधिनियम की 66डी और राजस्थान पर्यटन व्यवसाय अधिनियम की धारा 13 (1), 13 (2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
एक्स पर एक पोस्ट में जयपुर पुलिस ने कहा कि 'इंस्टाग्राम के माध्यम से इंटरनेट पर एक रील वायरल हो रही है, जिसमें पुलिस ने कुछ विदेशी महिला पर्यटकों को छूने, अभद्र व्यवहार करने और निराधार झूठे बयान देने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी पर्यटकों को अपनी निर्धारित दुकानों से सामान खरीदने के लिए मजबूर करता था।'












Click it and Unblock the Notifications