देश को आईएएस देने में UP टॉपर, दूसरे नंबर पर रहे राजस्थान ने CSE 2020 के 177 में से 22 IAS दिए
जयपुर, 16 मार्च। भारत की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक केंद्रीय लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में उत्तर प्रदेश अव्वल है। दूसरे स्थान पर राजस्थान है।

इन राज्यों को छोड़ा पीछे
भारतीय प्रशासनिक सेवा अफसर यानी (आईएएस) बनने में राजस्थान के युवाओं ने उस मिथक को तोड़ दिया है, जिसके मुताबिक यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तमिलनाड़ु जैसे राज्यों से ही आईएएस बन रहे हैं।

177 अभ्यर्थियों को कैडर अलॉट
बता दें कि यूपीएससी की सीएसई 2020 में आईएएस के लिए चयनित हुए सभी 177 अभ्यर्थियों को कैडर अलॉट कर दिया गया है, इनमें से छह आईएएस अधिकारियों को राजस्थान कैडर मिला है। इनमें गौरव बुडानिया और रवि कुमार तो रहने वाले भी राजस्थान के ही हैं।

2020 में दिए 22 आईएएस
दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान से साल 2020 में 22, वर्ष 2019 में 16 और वर्ष 2018 में 22 युवा आईएएस बने हैं। बीते तीन साल में सबसे ज्यादा आईएएस देने के मामले में राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

आईएएस देने वाले टॉप 10 राज्य (UPSC CSE 2020)
- 1. उत्तर प्रदेश - 29
- 2. राजस्थान - 22
- 3. दिल्ली - 20
- 4. बिहार - 14
- 5. महाराष्ट्र - 14
- 6. मध्य प्रदेश - 10
- 7. हरियाणा - 10
- 8. केरल - 9
- 9. तमिलनाड़ु - 7
- 10. पंजाब - 6

177 में से राजस्थान के 22 आईएएस
बता दें कि UPSC की CSE 2020 में आईएएस के लिए सलेक्ट हुए 177 आईएएस में से 22 युवा राजस्थान से हैं। इनमें गौरव बुडानिया, दिव्यांशु चौधरी, फैजान अहमद, जयंत राठौड़, प्रणव विजयवर्गीय, ध्रुव खाडिया, कल्पेश शर्मा, रवि कुमार, निशा, राकेश कुमार, सुनील, आकाश चौधरी, नरेंद्र कुमार, गिरधारी मीणा, राहुल मीणा, रवि मीणा, देवेंद्र मीणा, रेखा खत्री, मानसी, राहुल मीणा, हर्षिल मीणा व विश्वजीत शामिल हैं।

आईएएस टीना डाबी की बहन को राजस्थान कैडर
यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2020 पास करके राजस्थान कैडर पाने वालों में आईएएस टीना डाबी की छोटी बहन रिया डाबी, महाराष्ट्र के अवध निवरुति सोमनाथ, जूइकर प्रतीक चंद्रशेखर, सालूखे गौरव रविंद्र शामिल है।

राजस्थान में कुल आईएएस 263
बता दें कि छह नए आईएएस मिलने के बाद राजस्थान में कुल आईएएस अधिकारी 263 हो गए। हालांकि इसी साल मार्च में पीसी बेरवाल, कैलाश बैरवा, महावीर प्रसाद वर्मा रिटायर होंगे। इसके बाद राजस्थान में आईएएस की संख्या 260 रह जाएगी। केंद्र से तय कैडर स्ट्रैंथ के अनुसार राज्य में आईएएस के 313 पद स्वीकृत हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति में 257 आईएएस हैं। ऐसे में 50 पद खाली है।












Click it and Unblock the Notifications