दुबई से आया सीकर का यात्री अंडरवियर में छुपा लाया 3.15 करोड़ का सोना, जयपुर पर पकड़ा गया
जयपुर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फिर सोने की तस्करी पकड़ी गई है। इस बार सीकर का यात्री दुबई से आते समय अंडरवियर में 3.15 करोड़ का सोना छुपा लाया।
Gold in Underwear: दुबई से सोने की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। अब जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ऐसे यात्री को पकड़ा गया है, जो विदेश से अंडरवियर-लोअर में 3.15 करोड़ रुपए का सोना छुपाकर लाया था।
शारजाह से फ्लाइट लेकर जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे सीकर के यात्री को डीआरआई (DRI) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास मिले करोड़ों के सोने को जब्त कर लिया गया है।

एयरपोर्ट पर डीआरआई की कार्रवाई के बाद कस्टम विभाग ने 5.15 किलोग्राम सोना जब्त किया है। इसकी बाजार कीमत 3.15 करोड़ रुपए आंकी गई है।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार यात्री दुबई से जयपुर आया था। उसने सोने को लिक्विड फॉर्म में पेस्ट बनाकर अपने अंडरवियर और लोअर की वेस्ट में छिपा रखा था। तस्कर सीकर का रहने वाला है।
सोने की मात्रा देखकर कस्टम अफसरों ने उसके मूल्यांकन के लिए ज्वैलर को भी बुलाया। बताया जा रहा है त्योहारी सीजन नजदीक आने के कारण एकाएक सोने की तस्करी के मामले बढ़ गए हैं।
हालांकि डीआरआई व कस्टम विभाग की टीम को पिछले एक माह में हुई तीन बड़ी तस्करी में कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, मगर वो ये सोना किसके लिए ला रहे थे, इसकी जांच अभी जारी है। गुरुवार को डीआरआई ने एक यात्री से 1.40 करोड़ रुपए का सोना बरामद किया था।
दुबई से सोने की तस्करी की वजह
दुबई से सोना लाने की सबसे बड़ी वजह में से एक भावों में अंतर है। दूसरी वजह ये भी है कि दुबई में दुनिया का सबसे शुद्ध गोल्ड मिलता है। तीसरी वजह ये है कि दुबई में काम करने वाले श्रमिक चंद रुपयों के लालच में किसी थर्ड पार्टी के लिए भारत सोना लेकर आते हैं। वो चोरी छिपे दुबई से सोना लेकर तो आ जाते हैं, मगर जयपुर एयरपोर्ट पर जांच के दौरान पकड़े जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications