Rajasthan में जन आक्रोश सभा में पेपर लीक को लेकर सतीश पूनिया ने गहलोत सरकार को जमकर घेरा, जानिए वजह
राजस्थान में भाजपा की जन आक्रोश यात्रा में पेपर लीक प्रकरण छाया रहा। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने खेतड़ी और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने रामगंज मंडी में पेपर लीक प्रकरण को लेकर गहलोत सरकार को जमकर घेरा है।
Rajasthan में भाजपा की जन आक्रोश यात्रा की सभाओं में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने मौजूदा सरकार को कई मुद्दों पर जमकर घेरा। राठौड़ ने कोटा जिले की रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में और पूनिया ने झुंझुनू के खेतड़ी में जन आक्रोश सभा की। दोनों भाजपा नेता पेपर लीक के मामले को लेकर सरकार पर जमकर बरसे। खेतड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए सतीश पूनिया ने कहा कि प्रदेश में 70 लाख बच्चों ने परीक्षा दी और इस सरकार ने नौकरी एक लाख से कम युवाओं को दी। सोचो उन 69 लाख युवाओं और उनके परिजनों पर क्या बीत रही होगी। जो माता-पिता मेहनत मजदूरी कर अपने बच्चे को शहर पढ़ने भेजते हैं। परिजन परिश्रम करते हैं। उधार लेते हैं। खेती गिरवी रखते हैं और शहर में इस उम्मीद के साथ अपने बच्चे को पढ़ने भेजते हैं कि बच्चे को रोजगार मिलेगा। लेकिन उस दिन उन परिजनों पर क्या गुजरती होगी। जब उनका बच्चा परीक्षा देने गया होगा और पता चला कि परीक्षा का पेपर लीक हो गया है। यह सरकार पेपर लीक करवा कर पाप कर रही है।

राम का नाम विश्वास देता है
पूनिया ने कहा कि जन्म में, मरण में, परण में, किसी कौम के, किसी बिरादरी के, किसी जाति के, किसी पंथ के, किसी मजहब के, लेकिन भगवान श्री नाम का नाम रोंगटे खड़े कर देता है। राम का नाम आस्था देता है। राम का नाम भरोसा देता है। राम का नाम विश्वास देता है और यह विश्वास किसी भी कौम से बड़ा है। वह विश्वास भगवान राम का विश्वास है।

इन मुद्दों पर भी सरकार को घेरा
पूनिया ने बेरोजगारी, महिला अत्याचारों, किसानों की कर्ज माफी, राजस्थान में बढ़ते अपराध सहित कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा, पेपर लीक के कारण एक युवा के आत्महत्या करने के आरोप भी लगाए। पूनिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में 18 हजार से अधिक किसानों की जमीन नीलाम कर के राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने वादाखिलाफी की है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ के नोहर में एक युवा ने इसलिए आत्महत्या कर ली थी कि जब पर्चा लीक हुआ तो उसने कहा कि मैंने इतनी मेहनत की और अब मैं अपने मां-बाप को क्या मुंह दिखाऊंगा। इसलिए वह अपनी जिंदगी से खेल गया। ऐसा करने वाला वह अकेला बच्चा नहीं था। राजस्थान में सैकड़ों बच्चे हैं। जिन्होंने अवसाद में आकर आत्महत्या कर ली। यह आत्महत्या नहीं हत्या है। जिसकी जिम्मेदार कोई है तो कांग्रेस पार्टी की सरकार है।













Click it and Unblock the Notifications