Rajasthan News : प्रदेश की मुख्य सचिव उषा शर्मा का बूंदी दौरा, छात्रावास की बालिकाओं से किया संवाद
राजस्थान की मुख्य सचिव उषा शर्मा ने बूंदी जिले के हिण्डोली में सरकारी दफ्तरों और कामकाजों जायजा लिया। इस दौरान मुख्य सचिव ने कामकाज की सराहना की और छात्रावास की बालिकाओं से संवाद किया।

Rajasthan News : राजस्थान की मुख्य सचिव उषा शर्मा ने शुक्रवार को बूंदी जिले के हिण्डोली में उपखण्ड कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय, मेडीकल कॉलेज निर्माण कार्य, बूंदी में इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत हो रहे कार्यों एवं ओडीएफ प्लस गांव खेरूणा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने सीएचसी हिण्डोली में मिल रही सुविधाओं की सराहना की। वहीं राजकीय देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय में छात्राओं से संवाद भी किया। मुख्य सचिव ने इस दौरान बूंदी जिला कलक्टर द्वारा शुरू किए गए बेहतरीन बूंदी, मिशन कायाकल्प तथा सिलिकोसिस केयर नवाचार को सराहा और कहा कि बूंदी जिले में फ्लैगशिप कार्यक्रमों की बेहतरीन क्रियान्विति सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए नवाचार आमजन को राहत प्रदान करने वाले हैं। मुख्य सचिव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हिण्डोली के निरीक्षण के दौरान मरीजों से चिकित्सालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा सीएचसी की सुविधाओं लेकर संतोष जाहिर किया। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना सिंहत अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ ही चिकित्सा अधिकारियों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए मिशन कायाकल्प के तहत सीएचसी में करवाए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के अन्य जिलों के लिए भी यह मिसाल है।
छात्रावास में बालिकाओं के साथ किया संवाद
मुख्य सचिव ने हिण्डोली स्थित राजकीय देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद छात्रावास में निवासरत बालिकाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान छात्रा अनिता सैनी ने शर्मा को छात्रावास व विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में अपने अनुभव साझा किए। शर्मा ने विद्यालय की व्यवस्थाओं सराहा और कहा कि बालिकाओं को यहां घर जैसा माहौल मिल रहा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि विद्या से बडा कोई धन नहीं है। इसलिए खूब पढें और जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करें। उन्होंने विद्यालयों की बालिकाओं कें खेल कूद प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उनका मनोबल बढ़ाया और विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि विद्यालय की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाए। उन्होंने छात्राओं से राज्य सरकार की उडान योजना के तहत मिल रहे सैनेटरी नेपकिन के बारे में जानकारी ली।
अभयनाथ महादेव बावडी का किया अवलोकन
मुख्य सचिव ने बूंदी स्थित अभयनाथ महादेव बावडी में इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत करवाए जा रहे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बावडी के कायाकल्प के लिए किए जा रहे कार्य की सराहना की एवं बावडी को पर्यटन की दृष्टि से हेरीटेज साईनेज के रूप में विकसित के निर्देश दिए।
प्रदेश के पहले ओडीएफ प्लस आदर्श गांव खेरूणा का किया अवलोकन
मुख्य सचिव शर्मा ने स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत विकसित प्रदेश के पहले मॉडल ओडीएफ प्लस गांव खेरूणा के बाल उद्यान, बैलगाडी चौक, जिंस पार्क, पनघट, चौपाल एवं आवास व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस गांव में ग्राम विकास की संकल्पना साकार हुई है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से गांव के इसी स्वरूप को बरकरार बनाये रखने का आह्वान किया। इससे पहले गुढानाथावतान गांव में बावडी के अवलोकन के दौरान निर्देश दिए कि बावडी के जीर्णोद्धार में पारम्परिक रंगों का इस्तेमाल हो और आमजन के आकर्षण के केन्द्र के रूप में बावडी को विकसित किया जाए। इस दौरान जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी करतार सिंह, सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजदू रहे।












Click it and Unblock the Notifications