Rajasthan News: राजस्थान में सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारेगी भाजपा, जानिए कौन कहां से लड़ेगा चुनाव
Rajasthan News: भाजपा ने राजस्थान में चुनावी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। पार्टी ने प्रदेश में दस से ज्यादा सांसदों को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। पार्टी हाईकमान ने दो बार या इससे ज्यादा जीत चुके सांसदों को विधायक का चुनाव लड़ने के संकेत दे दिए हैं। पार्टी ने जिन नेताओं को विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। उनमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन मेघवाल जैसे दिग्गज नेता भी शामिल हैं। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए पार्टी ने यह फैसला किया है। राजनीति के जानकार इसे भाजपा की विधानसभा चुनाव जीतने की बड़ी रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। जानकार कहते हैं कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव पार्टी की प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। ऐसे में पार्टी ने पीएम मोदी की टीम के लोगों को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।
इन सांसदों को टिकट देने की तैयारी
पार्टी ने जिन सांसदों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी की है। सांसदों को प्रदेश की अलग-अलग विधानसभाओं से चुनाव लड़वाया जा सकता है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अलवर सांसद बालकनाथ को बहरोड़, राज्यवर्द्धन राठौड़ को कोटपूतली, सुखबीर सिंह जौनपुरिया को किसी गुर्जर बाहुल्य सीट से, दिया कुमारी को केकड़ी, गजेंद्र सिंह शेखावत को सरदारपुरा, अर्जुन मेघवाल या निहालचंद को अनूपगढ़, ओम बिड़ला को कोटा दक्षिण, भागीरथ चौधरी को किशनगढ़, सीपी जोशी को उदयपुर, रामचरण बोहरा को सांगानेर और रंजीता कोहली को वैर से चुनाव लड़ाया जा सकता है। सूत्र कहते हैं कि इन सांसदों के चुनाव लड़ने से इनके संसदीय क्षेत्र में भी भाजपा का प्रभाव बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चुनौती देने की कवायद
राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी योजनाओं और घोषणाओं से प्रदेश में मजबूत पकड़ बनाते जा रहे हैं। भाजपा द्वारा राजस्थान में पीएम मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ने के फैसले के बाद सीएम गहलोत ने पीएम मोदी से मुकाबला करना शुरू कर दिया है। ऐसे में भाजपा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रभाव को कमजोर करने के लिए पार्टी ने ऐसा फैसला किया है। राजस्थान में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होना माना जा रहा है।
वसुंधरा समर्थकों के काटे जाएंगे टिकट
राजनीति के जानकार कहते हैं कि राजस्थान में भाजपा जिस रणनीति पर काम कर रही है। उसके मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समर्थको को भी साइडलाइन किया जाएगा। पार्टी सांसदों को चुनाव मैदान में उतारकर प्रदेश में वसुंधरा राजे के प्रभाव को भी कमजोर करने की कोशिश करेगी। माना जा रहा है कि इसी कवायद के चलते राजस्थान में वसुंधरा समर्थक कुछ विधायकों के भी टिकट काटे जाएंगे।











Click it and Unblock the Notifications