Nagaur Case : दलित युवकों के गुप्तागों में पेट्रोल डालने के मामले ने पकड़ा तूल, DGP ने कही यह बात
जयपुर। राजस्थान के नागौर जिले के पांचौड़ी इलाके के गांव करणू में चोरी के संदेह में दो चचेरे भाइयों को बर्बरता से पीटने और गुप्तांगों में पेट्रोल डालने का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

नागौर कांड में सात आरोपी गिरफ्तार
16 फरवरी 2020 का नागौर जिले में हुई इस घटना को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर चिंता जाहिर की है। अब तक इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नागौर दलित युवकों के साथ हुई इस घटना की निंदा करते हुए राजस्थान डीजीपी भूपेंद्र सिंह यादव और एडीजी क्राइम बीएल सोनी ने कहा कि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 7 आरोपियों को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है।

अन्य आरोपियों की भी तलाश
एडीजी (सिविल राइट्स) रवि प्रकाश मेहरड़ा के निर्देशन में पुलिस टीम इस मामले की जांच कर रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने पर उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं का वीडियो वायरल करना भी आईटी एक्ट के तहत अपराध है। पुलिस अधिकारियों को वीडियो वायरल करने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए गए है। पुलिस टीम इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

केन्द्रीय मंत्री मेघवाल बोले गहलोत जिम्मेदार
उधर, नागौर सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू होते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने कहा कि दलित अत्यचार के इस मामले के लिए सीधे तौर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जिम्मेदार हैं, क्योंकि गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री होने के साथ साथ गृहमंत्री भी हैं। मेघवाल की मानें तो राजस्थान की सरकार दो भागों में बंटी हुई है। एक भाग मुख्यमंत्री का है और दूसरा भाग उप मुख्यमंत्री का है। इसके कारण प्रदेश में दलित अत्याचार के ऐसे मामले बढ़ रहे हैं।

आरएलपी एमएलए ने उठाया मामला
नागौर की अमानवीय घटना गुरुवार को राजस्थान विधानसभा में भी गूंजी। विधानसभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बजट भाषण के दौरान राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के तीन विधायकों ने यह मामला उठाया और इसकी सीबीआई से जांच की मांग की।

आरएलपी के तीन विधायकों ने किया प्रदर्शन
बता दें कि नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी के खींवसर विधायक नारायण बेनीवाल, भोपालगढ़ विधायक पुखराज गर्ग और मेड़ता सिटी विधायक इंदिरा बावरी ने गुरुवार को विधानसभा में राजस्थान बजट 2020 के भाषण के दौरान नागौर की घटना और परिवहन घोटाले को पुरजोर तरीके से उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग की। साथ ही परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास को बर्खास्त करने की मांग को लेकर भी सदन बहिर्गमन किया।

क्या है नागौर दलित युवक मारपीट मामला
बता दें कि दो दलित युवकों के साथ मारपीट किए जाने का मामला नागौर जिले के पांचौड़ी थाना इलाके के गांव करणु का है। घटना 16 फरवरी की बताई जा रही है। नागौर एसपी डॉ. विकास पाठक के अनुसार एक वीडियो सामने आया है। जिसमें दो भाइयों के साथ कथित तौर पर बर्बरता की गई है। पुलिस ने पीड़ितों से संपर्क कर सात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस ने हड़मान, रघुवीर, आईदान, छैल एवं रहमतुल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी की पहचान करने के साथ गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।

चोरी का आरोप लगाकर पीटा
नागौर सोननगर भोजावास निवासी युवक ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह 16 फरवरी को बाइक की सर्विस करवाने के लिए चाचा के लड़के के साथ करणु गांव में एजेंसी पर गया था। वहां भींवसिंह आदि ने उस पर काउंटर से चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसे एजेंसी के पीछे ले जा कर उससे रबड़ की फैन बैल्ट और लात-घूसों से बुरी तरह मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने पेचकस पर पेट्रोल से भरा कपड़ा लपेट उसके गुप्तांग में पेट्रोल डाला। किसी ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।

राहुल गांधी ने बताया घटना को भयावह
उधर, नागौर मामले में राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'राजस्थान के नागौर में दो दलित युवकों के साथ क्रूरतापूर्वक अत्याचार किए जाने का वीडियो भयानक और वीभत्स है।' राहुल गांधी ने कहा कि इस हैरान करने वाले अपराध के खिलाफ राज्य सरकार तत्काल कार्रवाई करें।

ये क्रूरतापूर्ण वीडियो नहीं देख सकती- स्वरा
फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी दो दलित भाइयों पर अत्याचार की इस घटना पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि वह नागौर में दलित युवाओं पर अत्याचार का क्रूरतापूर्ण वीडियो नहीं देख सकती हैं। इस अत्याचार को बयां नहीं किया जा सकता है। उन्होंने इस मामले में सीएम अशोक गहलोत और राहुल गांधी से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications