Rajasthan Congress: कौन हैं वो 6 MLA, जो 'आपकी दादी' पर हंगामा करके हुए सस्पेंड, अब विधानसभा में धरना
Rajasthan Congress MLA Suspended: राजस्थान विधानसभा में आज 21 फरवरी को बजट सत्र हंगामेदार रहा। राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत द्वारा पूर्व पीएम इंदिरा गांधी लेकर अमर्यादित टिप्प्णी करने पर विपक्षी कांग्रेस विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। हंगामे के चलते राजस्थान के छह विधायकों को निलंबित किया गया है।
राजस्थान विधानसभा के पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किए गए कांग्रेस विधायकों में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, रामकेश मीणा, हाकम अली खान, अमीन कागजी, जाकिर हुसैन गैसावत और संजय कुमार शामिल हैं। सभी विधायक निलंबन की कार्रवाई के विरोध में राजस्थान विधानसभा में धरने पर बैठ गए हैं।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया निलंबित
कांग्रेस विधायकों के निलंबन पर संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस विधायकों ने सदन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है, जो माफी के लायक नहीं है। इसलिए राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उनके खिलाफ निलंबन जैसा सख्त कदम उठाया है। यह फैसला सदन की मर्यादा बनाए रखने के लिए जरूरी था।
दरअसल, हुआ यह था कि राजस्थान सरकार में सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता विभाग मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि था कि कांग्रेस अधिकांश योजनाओं का नाम 'आपकी दादी' (पूर्व पीएम इंदिरा गांधी) के नाम पर रख देते थे।।
गहलोत के 'आपकी दादी' वाले बयान पर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया और अविनाश गहलोत द्वारा माफी मांगे जाने की मांग की। फिर निलंबन के बाद धरना शुरू कर दिया। कांग्रेस विधायक बोले कि राजस्थान में भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।
कौन हैं निलंबित होने वाले छह विधायक?
- गोविंद सिंह डोटासरा: सीकर के लक्ष्यमणगढ़ से विधायक व राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष
- रामकेश मीणा: गंगापुर से विधायक व राजस्थान विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष
- अमीन कागजी: राजधानी जयपुर के किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। राजस्थान हज-कमेटी के अध्यक्ष भी रहे।
- जाकिर हुसैन गैसावत: नागौर जिले के मकराना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं। नागौर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद भी संभाला।
- हाकम अली खान: सीकर जिले के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं। वर्तमान में वक्फ विकास परिषद राजस्थान के अध्यक्ष हैं।
- संजय कुमार जाटव: राजस्थान के धौलपुर जिले के बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं। लगातार दो बार जीते हैं।
यह भी पढ़ें- राजस्थान विधानसभा में गहलोत बोले-'आपकी दादी' इंदिरा गांधी की योजना, कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 31 जनवरी 2025 से शुरू हो हुआ है, जो मार्च के दूसरे सप्ताह तक चलने की संभावना है। इस बीच 19 फरवरी को राजस्थान वित्त मंत्री व डिप्टी सीएम दीया कुमार ने राजस्थान बजट 2025-26 पेश किया है। कांग्रेस के छह विधायक 21 फरवरी को राजस्थान बजट सत्र की शेष बची हुई अवधि के लिए सस्पेंड हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications