पायलट पर गहलोत का खुला आरोप-'डिप्टी सीएम कर रहे थे सरकार गिराने की डील, मेरे पास सबूत'
जयपुर। राजस्थान के सियासी घमासान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री रहे सचिन पायलट की लड़ाई खुलकर सामने आ गई है। बुधवार को अशोक गहलोत ने सचिन पायलट पर सरकार गिराने की कोशिश का बड़ा आरोप लगाकर उनकी राह और मुश्किल कर दी है। टीवी चैनल आज तक की खबर के अनुसार जयपुर में मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि हमारे तो पीसीसी चीफ और डिप्टी सीएम सचिन पायलट खुद ही सरकार गिराने की साजिश कर रहे थे। वे भाजपा से बात कर रहे थे, मेरे पास इसके सबूत हैं।
Recommended Video

रात दो बजे होती थी डील
कांग्रेस विधायकों की जयपुर के जिस होटल में बाड़ाबंदी कर रखी है कि उसके बाहर मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत ने मोदी सरकार पर षड़यंत्र में शामिल होने के आरोप लगाते हुए कहा कि रात को दो बजे डील की जाती है। पैसों का लेन देन किया जाता है। 20 करोड़ में सौदा किया जा रहा था।

पहली किश्त पहुंच भी गई
गहलोत ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार गिराने की डील की पहली किश्त पहुंच भी गई थी। हमें समय रहते पता चल गया। षड़यंत्र रचने वालों ने पैसे लेने वालों के नाम पूछे। नंबर भी मांगे। हमारे ही कुछ साथी अति महत्वाकांक्षी बन गए और हार्स ट्रेडिंग में शामिल हो गए।

देश के लिए काम करने की इच्छा होनी चाहिए
गहलोत ने यह कहा कि देश के लिए काम करने की इच्छा होनी चाहिए। जबकि आज केन्द्र सरकार की ओर से राज्यों की सरकारों को गिराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहले एमपी, कर्नाटक की सरकारें गिराई गई और अब राजस्थान में षडयंत्र कर रहे हैं। ऐसे लोगों को कभी देश माफ नहीं करेगा। हमारे पास बहुमत है।

किस तरह के सबूत, इसका जिक्र नहीं
राजस्थान की सियासी उठापटक के बीच गहलोत ने खुलकर सचिन पायलट पर सरकार गिराने के लिए डील करने और उसके सबूत होने का आरोप तो लगाया, मगर यह स्पष्ट नहीं किया कि गहलोत के पास किस तरह के सबूत हैं। हालांकि इस पूरे प्रकरण को लेकर हाल ही राजस्थान एसओजी में दर्ज की गई एफआईआर में दो नंबरों की बातचीत का रिकॉर्ड होने की जानकारी है।
नई पीढ़ी को पसंद करती है कांग्रेस
सीएम गहलोत ने कहा कि नई पीढ़ी जो आई है, हम उनको प्यार करते हैं। आने वाला कल उनका है। हमारी जो 40 साल पुरानी लीडरशिप है, उसकी रगड़ाई हुई थी। हम आज भी जिंदा है. सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अशोक गहलोत सब नई पीढ़ी को पसंद करते हैं. इनकी (सचिन पायलट) रगड़ाई नहीं हुई थी, केंद्रीय में मंत्री बन गए, अगर रगड़ाई हुई होती तो और अच्छा काम करते।












Click it and Unblock the Notifications