Rajasthan: कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची से पहले अशोक गहलोत फिर बोले-मैं छोड़ना चाहता हूं सीएम पद, लेकिन...
CM ashok Gehlot Viral Statement: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में अगर कांग्रेस फिर से जीत दर्ज करती है तो सीएम कौन होगा? मौजूदा सीएम अशोक गहलोत या पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट? इस सवाल का जवाब तो चुनाव के बाद ही मिल सकेगा, मगर इस बीच सीएम अशोक गहलोत ने सीएम पद को लेकर फिर से बड़ा बयान दिया है।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि वे राजस्थान के मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते। सीएम का पद छोड़ना चाहते हैं, मगर यह पद उन्हें नहीं छोड़ रहा। तीसरी बार सीएम बने हैं।

दरअसल, राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए राजस्थान कांग्रेस के प्रत्याशी फाइनल करने के लिए बीते दो दिन कांग्रेस नेताओं की दिल्ली में बैठकें हो रही हैं। सीएम गहलोत भी दिल्ली में हैं।
दिल्ली में प्रेसवार्ता में पत्रकारों ने सीएम अशोक गहलोत से सवाल पूछा कि कांग्रेस ने राजस्थान में सीएम का चेहरा क्यों घोषित नहीं किया? इस पर जवाब देते हुए सीएम अशोक गहलोत ने अपना पुराना बयान ही दोहराया और बोले कि एक कार्यक्रम में एक महिला ने उनसे कहा कि भगवान को आपको चौथी बार सीएम बनाना चाहिए। गहलोत ने उस महिला को जवाब दिया कि ''मैं मुख्यमंत्री का पद छोड़ना चाहता हूं, लेकिन यह पद मुझे नहीं छोड़ रहा है और शायद छोड़ेगा भी नहीं।"
सीएम अशोक गहलोत ने यह भी कहा कि ''मुझमें कुछ तो बात होगी'' कि पार्टी आलाकमान ने उन्हें तीन बार राजस्थान का नेतृत्व करने के लिए चुना है। मुख्यमंत्री पद के चेहरे के नाम में देरी के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए, गहलोत ने पायलट के साथ नए सिरे से टकराव की अफवाहों को खारिज कर दिया, जो लंबे समय से मुख्यमंत्री पद की महत्वाकांक्षा रखते हैं।
गहलोत ने कहा कि उन्होंने 'माफ करो और भूल जाओ' की नीति अपनाई है। कांग्रेस के भीतर अंदरूनी कलह की अफवाहों के लिए भी भाजपा की साजिशों को जिम्मेदार ठहराया।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में कांग्रेस चुनाव समिति ने बुधवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक बैठक की। खड़गे और गहलोत के साथ, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी, राज्य के एआईसीसी प्रभारी सुखजिंदर रंधावा, राज्य कांग्रेस प्रमुख गोविंद डोटासरा, महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और पार्टी की राजस्थान स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख गौरव गोगोई ने बैठक में भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications