Rajasthan : 36 हजार 178 NHM संविदाकर्मियों को गहलोत सरकार ने किया नियमित, जानिए अब कितना मिलेगा वेतन?
NHM contract workers Permanent in Rajasthan : राजस्थान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) में लगाए गए संविदाकर्मियों के अच्छे दिन आ गए हैं। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने 36 हजार 178 संविदाकर्मियों को नियमित कर दिया हैं। परमानेंट करने के साथ ही राजस्थान में एनएचएम के संविदाकर्मियों में खुशी की लहर है।

बता दें कि जिन 36178 संविदाकर्मियों को नियमित किया गया है ये राजस्थान चिकित्सा विभाग के 56 प्रकार के पदों पर कार्यरत हैं। नियमित किए जाने के बाद 10 प्रकार के मानदेय के तहत 8 हजार 850 रुपए से लेकर 33 हजार 650 रुपए प्रतिमाह दिए जा रहे थे। अब नौ वर्ष की सेवा पर मानदेय 27 हजार 700 रुपए से लेकर एक लाख 400 रुपए प्रतिमाह हो जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के हजारों संविदाकर्मियों को नियमित करने के संबंध में राजस्थान स्वास्थ्य सचिव ने आदेश जारी कर दिए हैं। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने एनएचएम और एनएचयूएम के अंतर्गत कार्यरत इन 36178 संविदाकर्मियों को नियमित करने का फैसला किया है। जबकि सभी विभागों के मिलाकर सवा एक लाख से अधिक संविदाकर्मी हैं।
पिछले दिनों ही अशोक गहलोत ने सभी सवा लाख संविदाकर्मियों को नियमित किए जाने की प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया था। इधर, राजस्थान में संविदाकर्मियों को नियमित किए जाने पर उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि जन घोषणा पत्र में संविदाकर्मियों को नियमित करने का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार ने धोखा किया है। नियमितीकरण की आड़ में राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने संविदाकर्मियों का वेतन कम कर उनके साथ छलावा किया है। नियमित कर्मचारियों की तरह पेंशन व ग्रेच्युटी का लाभ भी संविदाकर्मियों को नहीं मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications