राजस्थान : पूर्व CM वसुंधरा राजे के बाद अब BJP प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का मोर्चा सामने आया, पत्र वायरल
जयपुर। राजस्थान भाजपा में घमासान मचा हुआ है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया के अपना अलग मोर्चा बना लिए जाने की खबरों के बीच अब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के अलग गुट की जानकारी सामने आई है। इस संबंध में राजे की तर्ज पर ही अब पूनिया के मोर्चा का पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वन इंडिया हिंदी इन दोनों ही वायरल पत्रों की पुष्टि नहीं करता है।
सतीश पूनिया समर्थक मोर्चा
जानकारी के अनुसार टीम सतीश पूनिया के वायरल पत्र में सबसे ऊपर 'सतीश पूनिया समर्थक मोर्चा' (लक्ष्य-2023 में पूनिया सरकार) लिखा है। पूनिया गुट के वायरल पत्र में जुगल किशोर शर्मा को इस मोर्चे का प्रदेश अध्यक्ष बताया गया है।इनके अलावा वायरल पत्र में प्रदेश प्रभारी, सचिव, मीडिया प्रभारी और उपाध्यक्ष के पदों की नियुक्तियां भी दर्शायी गई हैं। नियुक्ति-पत्र पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया की फोटो लगी है।
पूनिया ने पत्र खारिज किया
हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने इस पत्र को सोशल मीडिया की शरारत बताते हुए इसे सिरे से खारिज किया है। उन्होंने मामले की जांच कराने के साथ ही कानूनी राय लेने की भी बात कही है।
वसुंधरा राजे समर्थक राजस्थान मंच
उधर, सोशल मीडिया पर वसुंधरा राजे समर्थक राजस्थान मंच के नाम से वायरल हुए पत्र में राजे के समर्थकों ने जिलेवार कार्यकारिणी घोषित कर उन्हें 2023 में प्रदेश की मुख्यमंत्री बनाए जाने का लक्ष्य रखा है। इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया ने इस पर कहा कि पार्टी के सभी नेता इस बात को जानते हैं। कहा कि जिन लोगों ने यह संगठन बनाया है वे भाजपा के एक्टिव मेंबर नहीं हैं।
क्या बिना परीक्षा दिए IAS बनी लोकसभा स्पीकर की बेटी Anjali Birla?, जानिए वायरल हो रहे दावे की हकीकत