अडाणी समूह का हुआ जयपुर एयरपोर्ट, डायरेक्टर ने सौंपी चाबी, अब यात्रियों पर लग सकता है नया चार्ज
जयपुर, 11 अक्टूबर। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब अडाणी समूह का हो गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने अडाणी समूह को प्रतिकात्मक चाबी सौंप दी है। चाबी सौंपने के साथ ही एमओयू को सौंपकर औपचारिक रूप से एयरपोर्ट को हैंड ओवर किया।

जयपुर एयरपोर्ट 12वें नंबर पर
बता दें कि जयपुर एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में 12वें नंबर पर है। जयपुर एयरपोर्ट के निदेशक जयदीप बलहारा ने एयरपोर्ट की प्रतीकात्मक चाबी अडाणी समूह के मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी विष्णु मोहन झा को सौंपी है। अब आशंका जताई जा रही है कि जल्द ही जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को एयरपोर्ट यूजर चार्ज के नाम पर कुछ ज्यादा चार्ज देना पड़ सकता है। हालांकि यह रकम कितनी होगी इस पर अभी विचार किया जा रहा है।

नेविगेशन की व्यवस्था एयरपोर्ट अथॉरिटी संभालती रहेगी
मीडिया से बातचीत में जयपुर एयरपोर्ट निदेशक बलहारा ने बताया कि एटीसी, नेविगेशन की व्यवस्था एयरपोर्ट अथॉरिटी संभालती रहेगी। सुरक्षा मानदंडों की मॉनिटरिंग ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी करेगी और सुरक्षा व्यवस्था सीआईएसएफ संभालेगी।

प्रति अंतरराष्ट्रीय यात्री 348 रुपए का भुगतान
अडाणी समूह द्वारा एयरपोर्ट अथॉरिटी को प्रति घरेलू यात्री 174 रुपए और प्रति अंतरराष्ट्रीय यात्री 348 रुपए का भुगतान किया जाएगा। कोरोना के अनलॉक के दौर में जयपुर से लगातार यात्री भार बढ़ रहा है। कई नए रूटों के लिए उड़ाने भी शुरू हो रही है, लेकिन आनन-फानन में उड़ानों के रद्द करने के बाद एयरलाइन कंपनियां मनमानी कर रही हैं।

बलहारा आगामी कुछ दिनों तक जयपुर रुकेंगे
निजीकरण के बाद उड़ान रद्द होने के मामले भी कम होंगे और यात्रियों को तय समय पर अपनी उड़ान मिल सकेगी।वहीं, दूसरी ओर अब जयपुर एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों का तबादला भी होगा। इनमें डीजीएम और दूसरे विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे। वर्तमान पद आसीन एयरपोर्ट निदेशक जेएस बलहारा आगामी कुछ दिनों तक जयपुर रुकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications