jaipur Accident: कौन है उस्मान खान, जिसकी वजह से जयपुर में हुआ Hit And Run केस, देखें CCTV फुटेज
Jaipur Hit and Run Accident News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में हिट एंड रन का केस सामने आया है। 7 अप्रेल 2025 को नशे में धुत चालक ने राह चलते लोगों व वाहन चालकों को कार से कुचल दिया। जयपुर हिट एंड रन हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। जयपुर में सोमवार रात नाहरगढ़ रोड पर एक बेकाबू कार ने कई राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को टक्कर मार दी थी। मंगलवार सुबह हादसे में गंभीर रूप से घायल शास्त्री नगर निवासी वीरेंद्र सिंह (48) ने एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले ममता कंवर (50) और अवधेश पारीक (37) की मौत हो चुकी है।
6 घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल अन्य 6 लोगों में मोनेश सोनी (28), मोहम्मद जलालुद्दीन (44), दीपिका सैनी (17), विजय नारायण (65), जेबुन्निशा (50) और अंशिका (24) का इलाज सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर में चल रहा है। डॉक्टर्स के मुताबिक कुछ मरीजों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा, आरोपी गिरफ्तार
हादसे के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने आरोपी ड्राइवर उस्मान खान को गिरफ्तार कर लिया। वह जयपुर के वीकेआई इलाके में लोहे के बेड बनाने की फैक्ट्री चलाता है। सोमवार रात वह कथित रूप से शराब के नशे में अल्कजार कार चला रहा था, जो बेकाबू होकर राहगीरों को कुचलती चली गई। पूरी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे देखकर लोग सन्न रह गए हैं।
पूर्व सीएम गहलोत की कड़ी प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे को लेकर गहरी संवेदना जताते हुए आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "जयपुर में नशे में चूर एक कार चालक द्वारा कई लोगों को कुचलने की घटना अत्यंत दुखद है। ऐसे अपराधी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। मृतकों के परिजनों को मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा, "आरोपी उस्मान हसन ने जानबूझकर ऐसा किया है। वह कांग्रेस का कार्यकर्ता है और उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए। मुझे अपनी सरकार, सीएम भजनलाल शर्मा पर पूरा भरोसा है कि इस (पीड़ित के) परिवार को मुआवजा मिलेगा और साथ ही, इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। आरोपी अमीन कागजी (कांग्रेस विधायक) का कार्यकर्ता है और वह उसे बचाने की कोशिश कर रहा है। लेकिन हम उसे भागने नहीं देंगे। हम सुनिश्चित करेंगे कि उसे फांसी मिले।"












Click it and Unblock the Notifications