जयपुर के SMS में 24 मंजिला अस्पताल की छत पर उतरेंगे हेलिकॉप्टर, देश में हॉस्पिटल की सबसे बड़ी बिल्डिंग का दावा
जयपुर, 1 अप्रैल। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल (एसएमएस) में 24 मंजिला अस्पताल बनेगा। इसकी नींव पांच अप्रैल को सीएम अशोक गहलोत रखेंगे। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के अफसरों की मानें तो एसएमएस अस्पताल में बनने वाला यह आईपीडी टॉवर देश में किसी निजी या सरकारी अस्पताल की सबसे बड़ी बड़ी बिल्डिंग होगी।

जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के इस आईपीडी टॉवर की खास बात है कि इसमें 22 मंजिल मरीजों के लिए होगी जबकि ऊपर की दो मंजिल पर हेलीपैड बनेगा। छत पर हेलिकॉप्टर उतरने से एसएमएस अस्पताल में एयर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मीडिया से बातचीत में राजस्थान मेडिकल एजूकेशन डिपार्टमेंट के सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि एसएमएस अस्पताल में बनने वाले आईपीडी टॉवर में 1200 बैड (792 जनरल, 150 कॉटेज, 166 आईसीयू और 92 प्रीमियम रूम) होंगे। 20 ऑपरेशन थिएटर, 100 ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर भी होंगे। इनके अलावा सिटी, एमआरआई, मेडिकल साइंस गैलेरी, फार्मेसी स्टोर, सेमिनार हॉल समेत अन्य कई सुविधाएं विकसित होगी।
यहां पर जांच के लिए अत्याधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। आईपीडी टॉवर की बिल्डिंग में आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए 16 लिफ्ट लगाई जाएंगी, जबकि दो मंजिल पर पार्किंग डवलेप होगी। इस पूरे प्रोजेक्ट को 2 फेज में पूरा किया जाएगा, जिस पर करीब 456.80 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
एसएमएस हॉस्पिटल में इमरजेंसी के पास बनने वाले आईपीडी टॉवर में हार्ट मरीजों का इलाज के लिए अलग से यूनिट बनेगी। 4 मंजिला इस बिल्डिंग में ओपीडी रूम, सिटी स्कैन-एमआरआई लैब, कार्डियक डायग्नोसिस, हीमेटोलोजी, रजिस्ट्रेशन काउंटर, 4 कैथ लैब, 3 ऑपरेशन थिएटर समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications