Rajasthan की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 9 अक्टूबर से बीकानेर दौरे पर, दौरे से पहले गुटबाजी आई सामने
Rajasthan की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 9 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर बीकानेर जाएगी। वसुंधरा राजे के तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार 9 अक्टूबर को सुबह 9 बजे जयपुर से हेलीकॉप्टर से रवाना होंगी और 11 बजे देशनोक पहुंचेगी। वहां करणी माता के मंदिर में पूजा अर्चना कर 1 बजे मुकाम पहुंचेगी। यहां दर्शन और पूजा करके बीकानेर के लिए रवाना होगी। वसुंधरा राजे बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धि कुमारी के निवास पर पहुंचेगी। जहां उनकी माताजी के निधन पर शोक व्यक्त करेंगी। इसके बाद वसुंधरा राजे स्थानीय भाजपा नेताओं के शोक संतप्त परिवार के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना देंगी। वसुंधरा राजे के बीकानेर दौरे के दौरान जूनागढ़ में जनसभा भी की जा सकती है। हालांकि इसे लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी के समर्थकों का दावा है कि जनसभा होगी और भाटी को भाजपा में शामिल किया जाएगा।

वसुंधरा के बीकानेर दौरे को लेकर गुटबाजी आई सामने
राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही वसुंधरा राजे की बढ़ती सक्रियता नेताओं को अखरने लगी है। वसुंधरा राजे के बीकानेर दौरे से पहले पार्टी के भीतर की गुटबाजी उभर कर सामने आ गई है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के बेटे रवि शेखर ने वसुंधरा राजे के बीकानेर दौरे को निजी कार्यक्रम बताया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल कर रवि शेखर ने कहा कि 9 अक्टूबर को बीकानेर जिले में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा उनका निजी दौरा है। संगठन की तरफ से कोई कार्यक्रम नहीं आया है। आपको बता दें वसुंधरा राजे के बीकानेर दौरे की कमान पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी के हाथों में हैं। जो बीजेपी में वापसी करने जा रहे हैं। ऐसे में राजे के बीकानेर आने से पहले मेघवाल और भाटी की अदावत खुलकर सामने आ गई है। बीकानेर की राजनीति में दोनों नेताओं का 36 का आंकड़ा माना जाता है। पिछले दिनों वसुंधरा राजे के नजदीकी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री यूनुस खान और राजपाल सिंह शेखावत बीकानेर का दौरा कर जायजा ले चुके हैं।

बीकानेर जिले में भाजपा के हैं तीन विधायक
बीकानेर जिले में भाजपा के तीन विधायक हैं। बीकानेर पूर्व से विधायक सिद्धि कुमारी, नोखा से बिहारीलाल बिश्नोई और लूणकरणसर से सुमित गोदारा विधायक हैं। भाजपा विधायक सिद्धि कुमारी और बिहारीलाल बिश्नोई वसुंधरा राजे गुट के नेता माने जाते हैं। वसुंधरा राजे के बीकानेर दौरे से पहले पूर्व मंत्री यूनुस खान और राजपाल सिंह शेखावत ने दोनों विधायकों से मुलाकात भी की है। बीकानेर में अर्जुन मेघवाल और देवी सिंह भाटी की अदावत के चलते वसुंधरा राजे के दौरे से ठीक पहले भाजपा दो गुटों में बढ़ गई है। ऐसे में कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति है। इसी के चलते भाजपा के जिला नेतृत्व और संगठन ने राजे के कार्यक्रम से दूरी बना रखी है। इस बीच के दौरे से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के बेटे रवि शेखर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बीकानेर में पार्टी की गुटबाजी पर मुहर लगा दी है।













Click it and Unblock the Notifications