राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पेपर लीक प्रकरण को लेकर उठाए सवाल, जानिए पूरा मामला
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पेपर लीक प्रकरण को लेकर सवाल उठाए हैं। सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की बहुत आकांक्षाएं हैं। बार बार ऐसी घटनाएं होना दुर्भागयपूर्ण है।
राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पेपर लीक प्रकरण को लेकर कहा कि राजस्थान के युवाओं की बहुत आकांक्षाएं हैं। बहुत बार होने वाली घटनाएं (पेपर लीक प्रकरण) दुर्भाग्यपूर्ण है। छोटे-छोटे अपराधियों का पकड़ा जाना अच्छा है। लेकिन इस मामले की बड़ी मछलियों को भी पकड़ा जाना चाहिए। हमें लोगों का विश्वास बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान की जनता कांग्रेस पार्टी चाहती है। पार्टी सरकार और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। पूरी पार्टी एकजुट है और हर कोई एकजुट होकर कांग्रेस नेतृत्व राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ काम कर रहा है। हमारा लक्ष्य फिर से सत्ता में आना और लोगों की सेवा करना है। आपको बता दें सचिन पायलट ने सोमवार को नागौर जिले के परबतसर में किसान सम्मेलन को संबोधित किया था। पायलट ने अपने संबोधन के दौरान गहलोत सरकार पर तीखे तीर चलाए थे।

परबतसर में किसान सम्मेलन को किया संबोधित
राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने विधानसभा के बजट सत्र से पहले जनता के बीच सक्रियता दिखाते हुए नागौर जिले के परबतसर में किसान सम्मेलन को संबोधित किया था। पायलट ने इस किसान सम्मेलन के जरिए प्रदेश में अपनी राजनीतिक क्षमता का प्रदर्शन कर सक्रियता दिखाई। गहलोत समर्थकों का इस सम्मेलन को लेकर कहना था कि यह प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से घोषित आयोजन नहीं था। पायलट ने इशारों-इशारों में नागौर में पेपर लीक के बहाने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को निशाने पर लिया था। इससे गहलोत समर्थकों में नाराजगी है चुनाव से ठीक पहले पायलट के इस कदम को गहलोत समर्थक विधायक गुटबाजी को बढ़ावा मान रहे हैं।

गहलोत का सचिन पर पलटवार
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पेपर लीक मामले को लेकर सचिन पायलट पर पलटवार किया है। गहलोत ने कहा कि हमें नेता अधिकारी का नाम बता दीजिए। हम कार्रवाई कर देंगे पेपर लीक करने वालों पर जो कार्रवाई की है। वह सरगना ही है। सीएम ने कहा कि जिसने भी पेपर लीक किए हैं। षड्यंत्र किए हैं। उनकी तह तक पहुंचे। हम भी पहुंचे हैं। आगे भी उन लोगों को नहीं छोड़ेंगे। कई अधिकारियों नेताओं के नाम ले रहे हैं। यह इनका षड्यंत्र है। सीएम गहलोत ने जयपुर में मीडिया से बात करते हुए साफ किया कि पेपर लीक मामले में कोई नेता और अधिकारी शामिल नहीं है। प्रदेश में पेपर लीक गिरोह सक्रिय है। हमने उन पर कार्रवाई की है। मकान ध्वस्त किए हैं। कोचिंग संस्थान ध्वस्त किए हैं। उन्हें गिरफ्तार कर कानून बनाया गया है। सरकार यही कर सकती है। सीएम ने कहा कि बीजेपी सरकार में भी पेपर लीक हुए थे। कोई कार्रवाई नहीं हुई। यूपी और एमपी में भी पेपर लीक हो रहे हैं। विपक्ष भ्रम फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहा है। प्रदेश का विपक्ष सरकार की उपलब्धियों से बौखला गया है।













Click it and Unblock the Notifications