क्या अपने ही विधायकों के फोन टैप करा रही है गहलोत सरकार, जानिए क्या कहा वीपी सोलंकी ने
जयपुर, जून 13: पिछले एक साल से राजस्थान कांग्रेस में अंदरुनी घमासान जारी है। इस बीच राजस्थान की गहलोत सरकार पर एक बार फिर फोन टैपिंग के आरोप लग रहे हैं। इस बार यह आरोप कांग्रेस पार्टी के विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने लगाए हैं। बता दें कि वेद प्रकाश सोलंकी सचिन पायलट खेमे के है और कांग्रेस पार्टी से विधायक है।
Recommended Video

कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'मुझे नहीं पता कि मेरा फोन टेप किया जा रहा है या नहीं। लेकिन कई विधायकों ने कहा है कि मोबाइल फोन टेप किए जा रहे हैं। कई अधिकारियों ने उन्हें (विधायकों को) भी बताया कि ऐसा लगता है कि उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। इसकी जानकारी विधायकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी दी है।'
वहीं, इस मामले पर राजस्थान बीजेपी प्रमुख सतीश पूनिया का भी बयान सामने आया है। सतीश पूनिया ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'एक साल पहले भी ऐसा ही हाल था। आज फिर से कांग्रेस के एक विधायक कह रहे हैं कि उनके फोन टेप हो रहे हैं, जासूसी हो रही है। कांग्रेस बताए कि ये विधायक कौन हैं? कांग्रेस पार्टी अपने ही विधायकों को डरा रही है।'
पिछले साल भी लगे थे फोन टैपिंग के आरोप
यह मामला ऐसे वक्त सामने आया जब सचिन पायलट दो दिनों से दिल्ली में डेरा डाले बैठे हैं, लेकिन अभी तक उनकी आलाकमान से मुलाकात नहीं हुई है। वहीं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह आरोप गहलोत सरकार पर पहली बार नहीं लगे। पिछले साल जुलाई में भी सचिन पायलट खेमे के विधायकों फोन टैपिंग के आरोप लगे थे। इस मुद्दे पर खूब सियासी विवाद हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications