मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अमित शाह पर किया पलटवार, संजीवनी और ईआरसीपी पर उठाए सवाल
जयपुर, 11 सितंबर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अमित शाह के जोधपुर में दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए उनके भाषण को झूठा और हास्यास्पद बताया है। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जोधपुर में जो बयान दिए हैं वे तथ्यात्मक रूप से गलत है। देश की जनता गृह मंत्री के तौर पर उनके भाषण में तथ्यात्मक बातें होने की उम्मीद करती है। उनके भाषण में तथ्यों की सत्यता होना जरूरी है। लेकिन उनके भाषण से ऐसा लग रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे उन्हें तथ्य बताए ही नहीं गए हो। सीएम गहलोत ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान और गुजरात के लोग सहकारिता के नाम पर हुए घोटालों से सबसे ज्यादा पीड़ित है। अमित शाह ने उत्तरी राज्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में संजीवनी, आदर्श सोसाइटी जैसे मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाने की बात कही थी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

ईआरसीपी को लेकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ईआरसीपी को लेकर शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों के किसानों को इस परियोजना से उम्मीद हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जब राजस्थान के दौरे पर आए तो किसानों को लगा कि परियोजना को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने के वादे पर बात होगी। लेकिन हैरानी की बात है कि शाह के मुंह से ईआरसीपी को लेकर एक शब्द नहीं निकला। शाह ने वसुंधरा सरकार द्वारा 3 लाख रूपए का निशुल्क इलाज देने की बात कही। लेकिन उन्हें जानकारी नहीं कि यह योजना सिर्फ खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े व्यक्तियों तक सीमित थी। हमारी सरकार ने चिरंजीवी योजना शुरू की। जिसमें हर परिवार को 10 लाख रुपए तक का कैशलेस बीमा और 5 लाख तक का दुर्घटना बीमा मिल रहा है। यह योजना देश के किसी अन्य राज्य में नहीं है।

रोजगार को लेकर उठाए सवाल
सीएम गहलोत ने कहा कि शाह ने अपने भाषण में जिन 20 लाख नौकरियों का जिक्र किया है। वह काल्पनिक आंकड़ा है। केंद्र सरकार ने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा देश के युवाओं से किया था। उसका क्या हुआ। अभी कुछ दिन पहले ही आंकड़े सामने आए हैं कि 22 करोड लोगों ने केंद्र सरकार में नौकरी के लिए आवेदन किया जिसमें सिर्फ 7 लाख लोगों को नौकरी मिल सकी है। हमारी सरकार अब तक 1 लाख 31 हजार 363 युवाओं को नौकरी दे चुकी है। इसके अलावा अतिरिक्त पदों पर भर्तियां निकाली जा रही है। 2022 की घोषणा के मुताबिक 1 लाख अतिरिक्त पदों पर भर्तियां की जाएगी। बेरोजगारी भत्ते से प्रदेश के 6 लाख युवक लाभान्वित हो चुके हैं। सरकार द्वारा अब तक 1565 करोड़ रुपए बेरोजगारी भत्ते के रूप में वितरित किए जा चुके हैं। राजस्थान में बेरोजगारी भत्ते के साथ इंटर्नशिप के कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications