डॉक्टर के घर लूट करने वाले बदमाशों को कैब ड्राइवर ने पकड़वाया, मोबाइल तोड़ने पर शक हुआ तो थाने में घुसाई कार
जयपुर, 21 सितम्बर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के वैशाली नगर पुलिस थाने के हनुमान नगर विस्तार निवासी डॉ. मोहम्मद इकबाल भारती के घर 19 सितंबर की दोपहर दो बजे हुई लूट के आरोपियों को कैब ड्राइवर ने पकड़वा दिया। कैब ड्राइवर रामजनम गुर्जर (32) ने हिम्मत व सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान पर खेलकर लुटेरों को पुलिस के हवाले किया है।

आगरा के लिए कैब बुक करके निकले बदमाश
डॉक्टर के घर लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आगरा के लिए कैब बुक करके निकले बदमाशों की हरकतों पर शक होने के कारण कैब ड्राइवर ने रास्ते में भरतपुर जिले के सेवर पुलिस थाने में कार घुसा दी और पुलिस को पूरी बात बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया।

डॉ. इकबाल और नौकरानी मीरा घर पर थे
हुआ यूं कि 19 सितम्बर की दोपहर को जयपुर के डॉ. इकबाल और नौकरानी मीरा घर पर थे। पत्नी नसरीन और बेटी डॉ.आरसिया काम से बाहर गई हुई थी। दोपहर करीब 2 बजे पुरानी नौकरानी अनु आई। उसके साथ 2 लोग और थे। उनके हाथों में पेचकस और सरिया था। बदमाशों ने डॉ. इकबाल पर हमला बोल दिया। लहूलुहान हालत में बदमाशों ने डॉक्टर भारती को एक कमरे में डाल दिया। नौकरानी को किचन में ले जाकर लॉक कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर की तलाशी ली। बदमाश लाखों रुपए के गहने-कैश सहित घर में लगे CCTV की DVR भी समेटकर ले गए।

5800 रुपए में बुक किया
इसके बाद कैब ड्राइवर की एंट्री होती है। वारदात को अंजाम देकर बदमाशों ने जयपुर से कैब ड्राइवर रामजनम गुर्जर को जयपुर के झोटवाड़ा स्थित पंखा कांटा से आगरा के लिए 5800 रुपए में बुक किया। शाम करीब चार बजे कार में आरोपी सुरेश शाही, प्रकाश उर्फ पुष्पा व अन्य आरोपी सवार हुए। सभी आगरा के लिए निकल पड़े।

आरोपियों के मोबाइल की लाइव लोकेशन व नंबर अपने दोस्त अजीत सिंह को दे दिया
रवानगी से पहले कैब ड्राइवर ने किसी अनहोनी से बचने के लिए आरोपियों के मोबाइल की लाइव लोकेशन व नंबर अपने दोस्त अजीत सिंह को दे दिया। रास्ते में एक ढाबे पर चाय पी। आरोपियों ने रात आठ बजे भरतपुर के पास छोकरवाड़ा में पेशाब जाने की बोलकर कार रुकवाई। कार रोकने के बाद आरोपी पेशाब करने के लिए नीचे उतरे और सड़क किनारे जाकर पेशाब का नाटक करने लगे और इसी दौरान पत्थर मारकर अपना वह मोबाइल तोड़ने लगे, जिसकी लोकेशन कैब ड्राइवर ने अपने दोस्त को भेजी थी। कैब ड्राइवर कार के शीशे में ये सब देख रहा था। इस बात पर उसे आरोपियों पर शक हो गया।

कैब ड्राइवर ने सतर्कता से काम लिया
कैब ड्राइवर ने तब अधिक सतर्कता से काम लिया और आरोपियों को शक नहीं होने दिया कि उसे उनकी हरकतें संदिग्ध लग रही हैं। रास्ते में ड्राइवर ने कार में हाईवे से उतारकर दूसरे रास्ते पर ले लिया। आरोपियों ने पूछा तो बताया कि यह आगरा का शॉर्टकट रास्ता है। इसी रास्ते पर करीब 25 किलोमीटर चलने के बाद भरतपुर का सेवर पुलिस थाना आया। ड्राइवर ने उसी कार में घुसा दी। एक बारगी तो ना आरोपियों के कुछ समझ आया और थाना के स्टाफ को।

पुलिस ने ड्राइवर की हिम्मत की तारीफ की।
रात करीब नौ बजकर 40 मिनट में सेवर थाने में कार घुसाने के बाद संतरी ड्राइवर से ही उलझ गया। इस दौरान दो आरोपी मौका पाकर भाग गए। बाद में ड्राइवर ने पुलिस को पूरी बात बताई। कार की तलाश ली तो उसमें एक बैग से चाकू व पांच छह लाख का सोना बरामद हुआ। फिर पुलिस ने नाकाबंद करके फरार दो आरोपियों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने ड्राइवर की हिम्मत की तारीफ की।












Click it and Unblock the Notifications