बदमाशों ने बैंक लूटकर सड़क पर की नोटों की बारिश, खूब उड़ाए 10-20 रुपए के नोट
डूंगरपुर, 26 फरवरी। राजस्थान के डूंगरपुर में सड़क पर नोटों की बारिश हुई है। यह बारिश उन बदमाशों ने की, जो बैंक लूटकर भाग रहे थे। सड़क पर उड़ते नोट देख एक बारगी तो लोगों को बॉलीवुड फिल्म धूम 3 की याद आ गई। बता दें कि डूंगरपुर जिले के दोवड़ा पुलिस थाना इलाके के बनकोडा के बैंक ऑफ बड़ौदा में दोपहर करीब 3 बजे दो बदमाश पिस्टल लेकर घुसे।

बदमाशों का एक साथ बैंक के बाहर बाइक पर इंतजार कर रहा था। बैंक में घुसते ही बदमाशों ने कैशियर मिलन सेठी पर पिस्तौल तान दी। घबराकर कैशियर काउंटर के नीचे छिप गया। बदमाश बैंक में दूसरे काउंटर पर गया तो वहां से भी लोग डरकर भागने लगे। इसके बाद लुटेरों ने काउंटर पर रखे 1 लाख 18 हजार 956 रुपए उठाए और फरार हो गए।
3 मिनट में बैंक लूटकर बाहर निकले आरोपियों ने जाते हुए 10-20 रुपए के नोट उड़ाए। इसके बाद बाहर बाइक पर मौजूद तीसरे बदमाश के साथ वे फरार हो गए। बैंक में लूट के दौरान ब्रांच मैनेजर काशीराम मीणा बैंक के किसी काम से बाहर गए हुए थे। शुक्रवार दोपहर को हुई लूट की घटना की देर शाम तक बैंक की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।
लूट के दौरान बैंक में 20 से ज्यादा ग्राहक मौजूद थे। वारदात के समय मौजूद बैंक बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट महेंद्र पाटीदार ने बताया कि बदमाशों ने किसी ग्राहक के साथ लूटपाट नहीं की। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी अनिल मीणा, डीएसपी नोपाराम भी मौके पर पहुंचे। बैंक व आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी में पूरी वारदात नजर आ रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications