कश्मीरी छात्रों पर हमले से भड़के छात्र,मेवाड़ यूनिवर्सिटी में तनाव का माहौल
घटना के बाद से मेवाड़ यूनिवर्सिटी कैंपस में तनाव का माहौल है। करीब 250 कश्मीरी छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया।
जयपुर। राजस्थान के चितौड़गढ़ में कुछ छात्रों पर हमला केवल इसलिए किया गया क्योंकि वो कश्मीर से ताल्लुक रखते है। पूरा मामला चितौड़गढ़ जिले के गंगरार इलाके का है जहां बुधवार की शाम अज्ञात लोगों ने छह कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट की। गंगरार के एसएचओ दिनेश कुमार ने बताया कि मेवाड़ विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छह छात्र घरेलू सामान खरीदने आये थे। तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे पहले नाम-पता पूछा फिर उनके साथ मारपीट की और घटना के बाद बाइक से फरार हो गए। छात्रों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।

यूनिवर्सिटी कैंपस में तनाव
घटना के बाद से मेवाड़ यूनिवर्सिटी कैंपस में तनाव का माहौल है। कश्मीरी छात्रों ने बताया कि बुधवार को विश्वविद्यालय में करीब 250 कश्मीरी विद्यार्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया और कइयों ने विरोधस्वरूप रात का खाना भी नहीं खाया। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने किसी तरह के विरोध प्रदर्शन से इनकार किया है।
मेवाड़ यूनिवर्सिटी का बयान
मेवाड़ यूनिवर्सिटी के एक अधिकारी ने बताया कि छात्रों ने रात का खाना भी खाया और कहीं कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ है विश्वविद्यालय में पठन-पाठन का कार्य पहले की तरह ही चल रहा है।
आपको बता दें कि मेवाड़ विश्वविद्यालय में जम्मू कश्मीर के करीब आठ सौ छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications