Rajasthan में लंबे अरसे बाद पार्टी के मंच पर नजर आई वसुंधरा राजे, पार्टी के बैनर में भी मिली जगह
Rajasthan में विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख भाजपा में भी समीकरण बदलते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में एक तरफ कांग्रेस सरकार के खिलाफ हल्ला बोल आंदोलन की रणनीति बनाई गई। वहीं एकजुटता का संदेश भी दिया गया। कार्यसमिति में लगे बैनर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के साथ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी जगह दी गई। वसुंधरा राजे का चेहरा पार्टी के बैनर में दिखना भाजपा में एकजुटता के साथ बदलते समीकरणों की तरफ इशारा कर रहा है। आपको बता दें आलाकमान पहले पार्टी की अधिकृत रूप से जारी होने वाली प्रचार सामग्री में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और गुलाबचंद कटारिया की फोटो ही लगाने के निर्देश जारी किए थे।
Recommended Video

भाजपा करेगी हर बूथ तक आंदोलन
कार्य समिति में राज्य की कांग्रेस के खिलाफ बूथ स्तर तक आंदोलन खड़ा करने की रणनीति बनाई गई है। इस रणनीति के तहत भाजपा ने 200 विधानसभाओं में जनाक्रोश यात्रा निकालने का ऐलान किया है। कार्यसमिति में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने बताया कि यात्रा को लेकर 25 से 30 नवंबर तक सोशल मीडिया पर अभियान चलाया जाएगा। 29 नवंबर को जयपुर में रथयात्रा की लॉन्चिंग झंडा दिखाकर शुरुआत की जाएगी। जिला स्तर पर 30 नवंबर को और विधानसभा स्तर पर 1 दिसंबर से यह रथयात्रा शुरू होगी।

राजस्थान में सीएम फेस को लेकर है विवाद
राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा में मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद है। पार्टी के भीतर सीएम पद को लेकर भारी गुटबाजी है। कई मौकों पर यह गुटबाजी सामने आ जाती है। राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, ओम माथुर, ओम बिरला, गजेंद्र सिंह शेखावत, राजेंद्र राठौड़ मुख्यमंत्री पद के दावेदार है। पार्टी पिछले दिनों से जिस तरह अर्जुन राम मेघवाल को राजस्थान में तरजीह दे रही है। चर्चा है कि पार्टी उन्हें प्रदेश में अहम पद देकर चेहरा बना सकती है।













Click it and Unblock the Notifications