Jabalpur में रानी दुर्गावती के समाधि स्थल का 10 करोड़ से होगा सौंदर्यीकरण, बीजेपी सरकार ने दी स्वीकृति
Jabalpur News: जबलपुर में दुर्गावती के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद राकेश सिंह ने कहा कि रानी दुर्गावती समाधि स्थल का अब विकास होगा। यहां सामुदायिक भवन निर्माण, जल प्रबंधन, लाईट एंड साउंड शो और सौंदर्यीकरण के लिये 10 करोड़ रूपये आवंटित किए गए हैं।

केन्द्र सरकार द्वारा दी जाने वाली इस राशि से रानी दुर्गावती समाधि स्थल को भव्य स्वरूप दिया जायेगा। उन्होंने राशि स्वीकृत करने के लिये केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का आभार व्यक्त किया। सांसद राकेश सिंह ने रानी दुर्गावती को न्यायप्रिय एवं प्रजापालक शासिका बताया। जो दोनों हाथों से तलवार चलाती थी। मातृभूमि की रक्षा के लिए रणचंडी बनकर युद्ध के मैदान में उतरती थीं, वह प्रजा की रक्षक थी। उन्होंने अपने 39 वर्ष के जीवन काल में 52 युद्ध किए, जिसमें 51 युद्धों में विजय पाई। उन्होंने बताया कि गोंडवाना साम्राज्य की तरफ जिसने भी ऑख उठाकर देखा, उसे पराजित होना पड़ा है।
सांसद राकेश सिंह ने बताया कि रानी दुर्गावती के शासन काल में प्रजा के हित में महत्वपूर्ण कार्य होते थे। उन्होंने गोंडवाना साम्राज्य में कुंए,बावड़ी, तालाब, तलैया, धर्मशालाएं, महल, किले सहित जन कल्याण के काम कराये। रानी दुर्गावती के काल में उन्नत तकनीकी से निर्माण किए गए तालाब, कुंए, बावड़ी, महल, किले आज भी देखे जा सकते हैं। सांसद श्री राकेश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता के कल्याण के लिए लगातार काम कर रहे हैं। भारत देश विश्व गुरू के रूप में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रानी दुर्गावती के शौर्य व स्वाभिमान के लिए गौरव यात्रा निकाली गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 जून को शहडोल में गौरव यात्रा का समापन व सिकल सेल एनिमिया मिशन को लांच करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications