ISIS Jabalpur Module Case में NIA ने पेश की चार्ज शीट, 4 आरोपियों से आतंक की बड़ी साजिश के मिले थे सबूत
ISIS Jabalpur Module case: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को ग्लोबल टेररिस्ट ग्रुप आईएसआईएस के जबलपुर मॉड्यूल के सदस्यों क खिलाफ कोर्ट में चार्ज शीट दाखिल कर दी। NIA ने इन आरोपियों को जबलपुर में ताबड़तोड़ छापे के बाद पकड़ा था और आतंक-हिंसा की साजिश से जुड़े सबूत जुटाए थे।
एनआईए के प्रवक्ता द्वारा पीटीआई को दी गई जानकारी के मुताबिक यह साजिश इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) द्वारा जमीनी स्तर पर 'दावा' कार्यक्रमों और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से भोले-भाले मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के प्रयासों से संबंधित है।

एनआईए ने भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के बाद मई में तीन आरोपियों - सैयद मामूर अली, मोहम्मद आदिल खान और मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार किया था। चौथे आरोपी कासिफ खान को एनआईए ने अगस्त में गिरफ्तार किया था।
इन चारों का नाम मध्य प्रदेश की एक विशेष अदालत में दायर आरोप पत्र में किया गया है। अधिकारी ने कहा कि अब तक की जांच से पता चला है कि आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन की विचारधारा से प्रेरित थे और प्रमुख नेताओं सहित लोकतांत्रिक संस्थानों और व्यक्तियों को निशाना बनाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे।
एनआईए ने कहा, "मॉड्यूल स्थानीय धार्मिक स्थानों और घरों में बैठकें आयोजित कर रहा था और आईएसआईएस नेतृत्व के इशारे पर हिंसक हमले कर के देश में आतंक फैलाने की योजना बना रहा था।" "वे धन इकट्ठा करने, आईएसआईएस प्रचार सामग्री का प्रसार करने, युवाओं को प्रेरित करने और भर्ती करने और घातक हथियार खरीदने में भी लगे हुए थे।" प्रवक्ता ने कहा कि मॉड्यूल स्थानीय इकाइयों और स्लीपर सेल के माध्यम से भारत को अस्थिर करने के लिए आईएसआईएस वैश्विक नेटवर्क का एक हिस्सा था। NIA को इन चार आरोपियों से जुड़े कई और कनेक्शन के बारे में पता चला हैं।












Click it and Unblock the Notifications