MP के Bhedaghat में शुरू होगा इंडोर लेज़र-मल्टीमीडिया शो, जबलपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने सरकार का एक और कदम
Jabalpur News: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में इंडोर लेज़र और मल्टीमीडिया शो की शुरुआत जल्द होगी। यह मप्र का पहला लेजर शो होगा जो इंडोर होगा । इस कार्य की शुरुआत हेतु सांसद राकेश सिंह ने भेड़ाघाट में भूमिपूजन किया। जल्द इसकी सभी व्यवस्थाएं पूरी होंगी और पर्यटक इसका लुत्फ उठा सकेंगे।
सांसद ने इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का शुरू से ही प्रयास रहा है कि जबलपुर को पर्यटन की दृष्टि से महत्पूर्ण बनाया जाए। भेड़ाघाट जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में लेजर शो की शुरुआत की उनकी ओर से मांग की गई थी।
यह सपना अब पूरा होने जा रहा हैं। पहले भी लेजर शो शुरू था। लेकिन भेड़ाघाट आने वाले पर्यटक शाम होने के बाद यहां नही रुकते थे। इस कारण उसका संचालन ज्यादा वक्त तक नहीं हो सका। अब नई कार्ययोजना के तहत भेड़ाघाट में इंडोर लेजर-मल्टीमीडिया शो प्रारम्भ किया जा रहा है। यह दिन और रात दोनों समय दिखाया जा सकता है। इससे यहां आने वाले पर्यटक लेजर शो को किसी भी समय देख सकते है।

इसमें मां नर्मदा की गौरव गाथा के साथ भेड़ाघाट का महत्व बताया जाएगा। राकेश सिंह बोले कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के माध्यम से इस इंडोर लेजर शो को 2 करोड़ की लागत से प्रारम्भ किया जा रहा है । इसका संचालन आउटसोर्स पर निजी एजेंसी द्वारा किया जायेगा । उम्मीद जताई गई कि अगले 3 माह में यह पर्यटकों के लिए खुलेगा और इसका संचालन प्रारम्भ होगा।
सांसद ने दावा किया है कि यह प्रदेश का पहला इंडोर लेजर शो अत्यंत मनोहारी और मनोरंजक होगा। इससे जबलपुर के पर्यटन को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि इंडोर लेजर शो के साथ ही भेड़ाघाट में शीघ्र ही साइंस सेंटर और देश का पहला जियोलॉजिकल पार्क बनने जा रहा हैं। जिसकी डीपीआर की कार्यवाही अंतिम चरणों में है। यह इंटरनेशनल नेटवर्किंग में शामिल होगा। इनके बनने के बाद भेड़ाघाट में न केवल देश के बल्कि विदेशों से भी पर्यटक आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications