Jabalpur News: दुर्गावती, झांसी की रानी और अवंतीबाई के पराक्रम को पाठ्यक्रम में शामिल करेंगे: CM डॉ मोहन यादव
सीएम डॉ मोहन यादव ने जबलपुर में आयोजित जन आभार यात्रा के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के लिए जनता का आभार है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी सभा को संबोधित करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश के मन में मोदी और मोदी के मन में मध्यप्रदेश है।
रानी दुर्गावती, झांसी की रानी व अवंती बाई को लेकर माफी मांगे कांग्रेस
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 'जन आभार यात्रा' के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती ने जितने युद्ध लड़े हैं एक भी नहीं हारे। यह दुनिया के उन देशों को जवाब है, जो कहते थे कि हमें महिलाओं का सम्मान बढ़ाना चाहिए।

सीएम ने कहा कि हमारे देश की महिलाओं, बहनों व माताओं ने सदैव दुनिया के अंदर अप्रतिम उदाहरण प्रस्तुत किया है। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना रानी दुर्गावती और रानी अवंती बाई ने जिस प्रकार से युक्ति और बुद्धि से कई युद्ध लड़ीं, उसे कोई नहीं भूल सकता। लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी ने झांसी की रानी, दुर्गावती और अवंती बाई के पराक्रम और शौर्य को जनता के सामने उस प्रकार से नहीं लाया, जिस प्रकार से लाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं से किया सवाल
डॉ यादव ने कांग्रेस नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि अब तक इन वीरांगनाओं के शौर्य और पराक्रम को स्कूली पाठ्यक्रम में क्यों शामिल नहीं किया गया। कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। रानी दुर्गावती ने लगातार अपने जीवन के प्रत्येक क्षण का देश की सेवा के लिए देश के स्वाभिमान के लिए लगाया। नई शिक्षा नीति के तहत मध्यप्रदेश सरकार इन्हें पाठ्यक्रम में शामिल करेगी।

सीएम यादव ने विकास कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए कहा कि जबलपुर के नर्मदा में अयोध्या और हरिद्वार की तर्ज पर घाट बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर के गैरीसन मैदान में कुल 409.53 करोड़ रुपये की लागत के 14 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस मेडिकल महाविद्यालय जबलपुर में 100 करोड़ की लागत से 85 पी.जी. सीट वृद्धि निर्माण कार्य का भूमिपूजन करने के साथ 308 करोड़ रूपए की लागत से कौशल विकास/चिकित्सा शिक्षा/नगरीय विकास विभाग का लोकार्पण किया।
गतिमान भारत के नारे के साथ आगे बढ़ रहा प्रदेश
प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि गतिमान भारत के नारे के साथ मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्षों से महाकौशल की उपेक्षा होती आ रही है, लेकिन जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से महाकौशल का विकास शुरू हुआ है। 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद महाकौशल के विकास को गति मिली और अब यह क्षेत्र विकास बहुत तेजी से विकास कर रहा है।
जन आभार यात्रा में उमड़ा जन सैलाब, जगह-जगह स्वागत
प्रदेश में भाजपा को विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद जबलपुर में निकाली गई जन आभार यात्रा में जन सैलाब उमड़ आया। कल्चुरी होटल से गैरीशन ग्राउंड तक निकाली गई आभार यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री श्री राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी व अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications