Year Ender 2023: पल भर में खाक हुईं हजारों जिंदगियां, चंद्रयान-3 ने रचा इतिहास, किस लिए याद रखा जाएगा ये साल?
Year Ender 2023: साल के खत्म होने में महज कुछ ही दिन बचे हुए हैं। 2023 में घटी कई विभिन्न महत्वपूर्ण घटनाओं ने वर्ष को आकार दिया है। भारत का चीन को पछाड़कर दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बनना हो या हमास-इजराइल संघर्ष कुछ अविस्मरणीय घटनाएं हैं जो 2023 में अब तक विश्व स्तर पर सामने आई हैं।
आईये जानते हैं साल 2023 की उन 10 प्रमुख घटनाओं के बारे में जिसने एक बड़ी आबादी पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाला।


इजरायल-हमास युद्ध को साल 2023 में घटी सबसे बड़ी घटना माना जा रहा है। 7 अक्टूबर को हमास के आतंकियों ने अचानक इजराइली सीमा में घुसकर कहर मचा दिया। इस घटना में लगभग 1200 इजराइली लोगों की मौत हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच खूनी जंग की शुरुआत हो गई। इस जंग में अब तक 20 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
तुर्की और सीरिया भूकंप

6 फरवरी को तुर्की और सीरिया में आए भूकंप ने ऐसी तबाही मचाई कि एक झटके में हजारों लाशें बिछ गई। एक के बाद एक भूकंपों ने दोनों ही देशों में भयानक तबाही मचाई। 7.8 की तीव्रता के भूकंप के विनाशकारी प्रभाव के परिणामस्वरूप तुर्की में 59,000 और सीरिया में 8,000 लोगों की अकाल मृत्यु हुई।
भारत सबसे अधिक आबादी वाला देश
इस वर्ष भारत की अनुमानित जनसंख्या चीन से आगे निकल गई। भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया। यूएनएफपीए की विश्व जनसंख्या स्थिति रिपोर्ट 2023 के मुताबिक भारत की आबादी 142.86 करोड़ पहुंच गई जबकि चीन की जनसंख्या 142.57 करोड़ थी।
टाइटन पनडुब्बी हादसा

साल 1912 में डूबे दुनिया के सबसे चर्चित जहाज टाइटैनिक का मलबा दिखाने गई पनडुब्बी टाइटन में समुद्र के अंदर विस्फोट हो गया था। 18 जून को हुए इस हादसे में पनडुब्बी में सवार पांच लोगों की मौत हो गई थी। कई दिनों के कठिन खोज और बचाव अभियान के बाद, अधिकारियों ने पुष्टि की कि टाइटैनिक के मलबे से लगभग 500 मीटर दूर एक और मलबा पाया गया।
लीबिया में बाढ़

लीबिया के शहर डर्ना में भारी बारिश के कारण दो बांधों के टूटने के कारण आई भीषण बाढ़ ने पूरे देश में भारी तबाही मचाई। बाढ़ के कारण 10 हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई। उस भीषण बाढ़ के कारण कई लोगों को बेघर होना पड़ा और सैकड़ों लोगों को विस्थापित हो गए थे।
भारत-कनाडा संबंध

निज्जर हत्याकांड के बाद भारत और कनाडा के संबंध रसातल में चले गए। इसी साल जून में निज्जर की कनाडा में एक गुरुद्वारे की पार्किंग में दो अज्ञात युवकों ने हत्या कर दी थी। कुछ महीने के बाद कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर इस हत्याकांड का ठीकरा फोड़ दिया। इसके बाद भारत ने तीखी प्रतिक्रिया जताई। कनाडा को भारत से अपने 41 राजनयिकों को वापस बुलाना पड़ा। इस मामले ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा।
जी-20 सम्मेलन
भारत की अध्यक्षता में जी-20 शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन हुआ। 9 और 10 सितंबर की बैठक के लिए दिल्ली को दुल्हन की तरह सजाया गया था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस समिट में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत दुनिया भर के बड़े-बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। भारत को जी-20 समिट में बड़ी सफलता तब हासिल हुई जब सदस्य देशों के बीच सहमति के साथ G-20 नई दिल्ली लीडर्स समिट डिक्लेरेशन को अपनाया गया।
येवगेनी प्रिगोजिन की हत्या

जून में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ बगावत करने वाले येवगेनी प्रिगोजिन की 23 अगस्त को एक प्लेन दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना में 9 अन्य लोग भी मारे गए। पुतिन के रसोईया रह चुके येवगेनी प्रिगोजिन ने जून में पुतिन के खिलाफ बगावत कर दी थी और इसके बाद वो बेलारूस चले गए थे। प्रिगोजिन की मौत के ठीक एक दिन बाद ही पुतिन का बयान भी सामने आया था। उन्होंने वैगनर चीफ की मौत पर दुख जताया था।
चंद्रयान 3
इस साल भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी हासिल की। भारत के चंद्रयान-3 ने चांद पर पहुंचकर इतिहास रच दिया। 23 अगस्त 2023 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कर विक्रम लैंडर ने वहां की कई तस्वीरों को कैप्चर किया। इसरो के इस सफल मिशन के बाद पूरी दुनिया ने भारत की तारीफ की।
AI ने लहराया परचम

साल 2023 को AI के लिए भी याद रखा जाएगा। AI का सबसे ज्यादा प्रभाव साल 2023 में देखने को मिला है। साथ ही AI को लेकर कुछ ऐसे टेक भी सामने आए हैं, जो अपने आप में हैरान करने वाले हैं। इसने टेक्नोलॉजी की दुनिया में तूफान ला दिया।












Click it and Unblock the Notifications