X Outage: एलन मस्क ने यूक्रेनी सेना को ठहराया जिम्मेदार, क्या है डार्क स्टॉर्म हैकर ग्रुप? जिसने लिया श्रेय
X Outage: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर हुए बड़े साइबर हमले को लेकर एलन मस्क (Elon Musk) ने यूक्रेनी सेना को दोषी ठहराया है, जबकि हैकिंग ग्रुप 'डार्क स्टॉर्म' ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
सोमवार, 10 मार्च को X प्लेटफॉर्म बार-बार ऑफलाइन होता रहा, जिससे यूजर्स को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मस्क ने दावा किया कि 'यूक्रेन क्षेत्र से उत्पन्न बड़े पैमाने पर साइबर हमले' के कारण यह समस्या आई। उन्होंने कहा, 'हमें ठीक से नहीं पता कि क्या हुआ, लेकिन यह एक बड़ा और समन्वित हमला था, जिसमें भारी संसाधनों का उपयोग किया गया।'

हालांकि, फिलिस्तीन समर्थक हैकर समूह डार्क स्टॉर्म ने टेलीग्राम पोस्ट के जरिए X को हैक करने की जिम्मेदारी ली। यह समूह उन देशों और संगठनों को निशाना बनाता है, जो इजरायल का समर्थन करते हैं।
What is Dark Storm Group: क्या है डार्क स्टॉर्म ग्रुप?
डार्क स्टॉर्म एक हैकिंग ग्रुप है, जो गाजा युद्ध के समर्थन में काम करता है और इजराइल समर्थक संगठनों और देशों पर हमले करता है। 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजराइल पर हमले के बाद यह समूह सक्रिय हुआ और अब X को टारगेट करने का दावा कर रहा है।
X डाउन होने से कितने यूजर्स प्रभावित हुए?
डाउनडिटेक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार सुबह से ही अमेरिका, ब्रिटेन और भारत समेत कई देशों में X प्लेटफॉर्म पर समस्या आई।
- अमेरिका में 39,000 से अधिक यूजर्स प्रभावित हुए। शाम तक यह संख्या घटकर 1,500 रह गई।
- भारत में 2,000 से ज्यादा यूजर्स ने शिकायत की।
- ब्रिटेन में 10,000 लोग प्रभावित हुए।
यूक्रेन को दोष देने पर मस्क की आलोचना
एलन मस्क पहले भी यूक्रेन और अमेरिका की नीतियों की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी 'स्टारलिंक' सैटेलाइट सेवा के बिना यूक्रेन की सेना पूरी तरह से ठप हो जाएगी। उन्होंने कहा, 'अगर मैंने स्टारलिंक को बंद कर दिया तो यूक्रेन की पूरी अग्रिम पंक्ति ध्वस्त हो जाएगी। लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगा।'
उनके इस बयान की कई विशेषज्ञों ने आलोचना की है, क्योंकि डार्क स्टॉर्म ग्रुप ने खुद इस साइबर हमले की जिम्मेदारी ली है, फिर भी मस्क ने यूक्रेन पर आरोप लगाए हैं।
अमेरिका-यूक्रेन संबंधों में खटास
मस्क के आरोप ऐसे समय में आए हैं जब अमेरिका और यूक्रेन के रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं। हाल ही में ओवल ऑफिस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के बीच तीखी बहस हुई थी। इसके अलावा, यूक्रेनी संगठनों द्वारा ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को 'ब्लैकलिस्ट' करने की खबरें भी आई थीं।
मस्क का रुख और आगे क्या?
मस्क ने स्पष्ट किया कि 'भले ही मैं यूक्रेन की नीति से असहमत हूं, लेकिन स्टारलिंक को बंद नहीं किया जाएगा।' अब देखना होगा कि X पर यह साइबर हमला दोबारा होता है या नहीं, और क्या यूक्रेनी सेना पर लगाए गए आरोपों का कोई ठोस प्रमाण सामने आता है।












Click it and Unblock the Notifications