चुपचाप चीन ने किया 10,000 किमी की रेंज वाली मिसाइल का टेस्ट
बीजिंग। अमेरिका को आंख दिखाते हुए चीन ने 10,000 किमी तक की रेंज वाली न्यूक्लियर मिसाइल का सफल टेस्ट किया है। चीन ने इंटर कॉन्टिनेंटल बैलेस्टिक मिसाइल दोंगफेंग-31बी का सफल परीक्षण किया है। चीन काफी खामोशी से अपने हथियार का टेस्ट करता है और किसी को भी इसके बारे में कुछ पता नहीं लग पाता है।

इसी के साथ अमेरिका और यूरोप के कई शहर अब चीन की मारक हद के भीतर आ गये हैं। शनिवार को ही खबर आई थी कि अमेरिका ने वियतनाम को घातक हथियार देने का ऐलान कर दिया है।
अमेरिकी मीडिया ने हांगकांग स्थित साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट के हवाले से यह खबर दी है साथ ही संभावना जतायी है कि चीन ने दोंगफेंग श्रेणी की इस उन्नत मिसाइल का परीक्षण 01 अक्टूबर को अपने राष्ट्रीय दिवस से कुछ दिन पहले ही किया।
चीन ने दोंगफेंग श्रेणी की इस उन्नत मिसाइल दोंगफेंग-31बी.डीएफ-31बी. का परीक्षण 25 सितंबर को शांक्सी प्रांत स्थित तेईयुआन उपग्रह प्रक्षेपण केन्द्र से किया। इस केन्द्र को बूजाई मिसाइल एंड स्पेस टेस्ट सेंटर के नाम से भी जाना जाता है।
खबर में सैन्य विशेषज्ञ के हवाले से कहा गया कि इस उन्नत मोबाइल अन्तर महाद्वीपीय बैलास्टिक मिसाइल का परीक्षण दुनिया को यह दिखाने के लिए किया है कि चीन किसी भी प्रकार के परमाणु हमले या धमकी का माकूल जवाब देने में सक्षम है।
डी एफ-31बी इससे पहले की मिसाइल डीएफ-31 ए का उन्नत संस्करण है। दोंगफेंग श्रेणी की मिसाइलों में इस्तेमाल किये जाने वाले 31 सिस्टम की मारक क्षमता 10,000 किलोमीटर है। इसी कारण से जिन मिसाइलों में इस सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है उनके कारण अमेरिका का पश्चिमी तट और यूरोप के कई शहर चीन की मारक जद के भीतर आ गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications