रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नहीं दी ट्रंप को जीत की बधाई, आखिर क्या है वजह?
US Election Result 2024: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जो साल 2016 में ट्रम्प को उनके अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की जीत पर बधाई संदेश भेजने वाले पहले विश्व नेताओं में से एक थे। लेकिन इस बार उन्होंने ट्रंप को मिल रही दुनियाभर से बधाइयों के बीच दूरी बना ली है। इसी के साथ पुतिन ने डोनाल्ड ट्रम्प को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है।
दरअसल, पुतिन की ट्रंप की जीत पर बधाई देने के लिए फोन करने की अभी कोई योजना नहीं है। रूस के राष्ट्रपति भवन- क्रेमलिन की तरफ से जारी बयान के मुताबिक व्लादिमीर पुतिन ट्रंप को बधाई देंगे, फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। क्रेमलिन की ओर से कहा गया है कि वो ट्रंप की नीतियों को देखने के बाद ही उन्हें बधाई देने के बारे में सोचेंगे।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बुधवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, डोनाल्ड ट्रम्प को उनकी चुनावी जीत पर बधाई देने के लिए फोन करने की योजना नहीं बना रहे हैं। पेसकोव ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि, 'मुझे राष्ट्रपति पुतिन की ओर से ट्रम्प को चुनाव में बधाई देने की योजना के बारे में जानकारी नहीं है।'
अमेरिका को अमित्र देश बताते हुए क्या ये?
उन्होंने आगे कहा कि, "हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हम एक ऐसे अमित्र देश के बारे में बात कर रहे हैं, जो हमारे राज्य के खिलाफ युद्ध में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल है।" वहीं यह पूछे जाने पर कि क्या पुतिन द्वारा ट्रम्प को बधाई ना देने के निर्णय से अमेरिका और रूस के बीच संबंध खराब हो सकते हैं? जिसके जवाब में पेसकोव ने कहा कि यह लगभग असंभव है, क्योंकि दोनों देशों के बीच संबंध "ऐतिहासिक रूप से सबसे निचले स्तर पर हैं"।
अमेरिकी नीतियों पर निर्भर भविष्य
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद रूस ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अमेरिका के साथ "रचनात्मक बातचीत" करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन-मॉस्को संबंधों का भविष्य अमेरिकी प्रशासन पर निर्भर करता है।
क्या अमेरिका और रूस के बीच संबंध खराब होंगे?
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव की यह टिप्पणी 78 वर्षीय रिपब्लिकन नेता ट्रंप द्वारा अपने डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस को कड़े मुकाबले में हराने के बाद आई है। सरकारी स्वामित्व वाली TASS समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार पेसकोव इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि अगर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ट्रंप को बधाई नहीं देते हैं तो क्या अमेरिका और रूस के बीच संबंध खराब होंगे?
ट्रंप की नीतियों के आधार पर फैसला
पेसकोव ने कहा कि पुतिन अमेरिका के साथ बातचीत करने के इच्छुक हैं, लेकिन यह स्पष्ट होगा कि ट्रंप के पदभार संभालने के बाद वार्ता पर वाशिंगटन का रुख बदलता है या नहीं। रिपोर्ट में पेसकोव के हवाले से कहा गया है, "राष्ट्रपति पुतिन ने बार-बार कहा है कि वह न्याय, समानता और एक-दूसरे की चिंताओं के लिए आपसी सम्मान के आधार पर रचनात्मक बातचीत के लिए तैयार हैं और राष्ट्रपति पुतिन इस स्थिति के लिए प्रतिबद्ध हैं और उन्होंने इसे कई बार दोहराया है।"
रूस-यूक्रेन जंग को लेकर ट्रंप ने किया था दावा
मालूम हो कि अपने चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप ने दावा किया था कि अगर वे चुनाव जीत जाते हैं तो 24 घंटे के भीतर यूक्रेन में जंग खत्म करवा देंगे। ट्रंप ने यह भी कहा था कि उनके पिछले कार्यकाल के दौरान दुनिया में एक भी जंग नहीं हुई।
20 जनवरी, 2025 ट्रंप की शपथ
हालांकि, उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन आज "विपरीत स्थिति" रखता है। पेसकोव ने कहा, "आइए प्रतीक्षा करें और देखें कि जनवरी में क्या होता है।" बता दें कि 20 जनवरी, 2025 को ट्रम्प राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे और अपने दूसरे कार्यकाल शुरू करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications