भारत में इतने लोकप्रिय क्यों हैं गीर्ट वाइल्डर्स, जब ‘अपनों’ ने साथ छोड़ा, तब नूपुर शर्मा के बने थे ‘हमदर्द’
यूरोपीय देश नीदरलैंड के बुधवार को आए चुनावी नतीजों ने बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को चर्चा में ला दिया है। दरअसल नीदरलैंड में हुए चुनाव में गीर्ट वाइल्डर्स को भारी सफलता हाथ लगी है।
पिछले साल पैगंबर मोहम्मद पर नूपुर शर्मा द्वारा की गई कथित टिप्पणी के बाद मचे बवाल के बीच गीर्ट वाइल्डर्स ने उनका समर्थन किया था। गीर्ट वाइल्डर्स की पहचान एक ऐसे नेता के तौर पर है जो इस्लामी कट्टरपंथ के खिलाफ मुखर हैं।

गीर्ट वाइल्डर्स की पार्टी नीदरलैंड में इस्लाम के प्रसार के विरुद्ध रही है। PVV नीदरलैंड में मस्जिदों, कुरान और हिजाब पर प्रतिबंध लगाने की मांग करती रही है। अति दक्षिणपंथी गीर्ट वाइल्डर्स की पार्टी को एग्जिट पोल में साफ बढ़त मिलती दिख रही है।
राष्ट्रीय प्रसारक एनओएस द्वारा प्रकाशित एग्जिट पोल में कहा गया है कि वाइल्डर्स पार्टी फॉर फ्रीडम ने संसद के 150 सीटों वाले निचले सदन में 35 सीटें जीत चुके हैं, जो पिछले चुनाव में जीती गई 17 सीटों से दोगुनी से भी अधिक है।
गौरतलब है कि निवर्तमान पीएम मार्क रुथ की गठबंधन वाली सरकार जुलाई में गिर गई थी। एग्जिट पोल्स के मुताबिक इस बार उन्हें 23 सीटें मिल सकती हैं। अंतिम आधिकारिक परिणाम गुरुवार को ही आने की उम्मीद जताई जा रही है।
उम्मीद जताई जा रही है कि PVV सरकार बनाने में सबसे आगे होगी। हालांकि, स्पष्ट बहुमत ना होने के कारण PVV को अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन करना होगा। इस बात की संभावना अधिक है कि गठबंधन का नेतृत्व करते हुए गीर्ट वाइल्डर्स देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में अभी कुछ महीने लगने की संभावना है।
गीर्ट वाइल्डर्स ने पिछले साल जुलाई 2022 में भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा और बांग्लादेशी हिंदुओं का मुद्दा भी नीदरलैंड की संसद में उठाया था। उन्होंने अक्टूबर 2022 में भी नूपुर शर्मा के समर्थन में ट्वीट किया था। एक अन्य ट्वीट में गीर्ट वाइल्डर्स ने हिन्दुओं से सहिष्णुता छोड़ने की अपील की थी।
नूपुर शर्मा अपनी कथित टिप्पणी के बाद पार्टी से निष्कासित कर दी गई थीं। उनके समर्थन में शायद ही कोई नेता खड़ा था लेकिन ऐसे वक्त में एक डट सांसद का उनके समर्थन में खड़ा होना दक्षिणपंथी मतदाताओं के बीच चर्चा का केंद्र बन गया। यही वजह है कि नीदरलैंड चुनाव में वाइल्डर्स की सफलता से कई लोग उत्साहित नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications