Who is Sergio Gor? टैरिफ वॉर के बीच ट्रंप का नया दांव, सर्जियो गोर को बनाया भारत में अमेरिका का राजदूत
Sergio Gor as US ambassador to India: अमेरिका-भारत संबंधों में चल रही खींचतान और सहयोग के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने व्हाइट हाउस के कार्मिक निदेशक सर्जियो गोर (Sergio Gor) को भारत में अगला अमेरिकी राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत नियुक्त करने की घोषणा की।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं सर्जियो गोर को भारत गणराज्य में हमारा अगला अमेरिकी राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत नियुक्त कर रहा हूं। सर्जियो और उनकी टीम ने रिकॉर्ड समय में हमारी संघीय सरकार के प्रत्येक विभाग में लगभग 4,000 अमेरिका फर्स्ट पैट्रियट्स की नियुक्ति की है- हमारे विभाग और एजेंसियां 95% से ज़्यादा भर चुकी हैं!'

ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव अभियानों में कर चुके हैं काम
ट्रंप ने आगे कहा, 'सर्जियो एक बहुत अच्छे दोस्त हैं, जो कई सालों से मेरे साथ हैं। उन्होंने मेरे ऐतिहासिक राष्ट्रपति चुनाव अभियानों में काम किया, मेरी सबसे ज़्यादा बिकने वाली किताबें प्रकाशित कीं और सबसे बड़े सुपर पैक्स में से एक का संचालन किया, जिसने हमारे आंदोलन को समर्थन दिया।'
ट्रंप ने आगे लिखा, 'दुनिया के सबसे ज्यादा आबादी वाले इस क्षेत्र के लिए यह जरूरी है कि मेरे पास कोई ऐसा व्यक्ति हो जिस पर मैं पूरी तरह भरोसा कर सकूं जो मेरे एजेंडे को पूरा करे और अमेरिका को फिर से महान बनाने में हमारी मदद करे। सर्जियो एक बेहतरीन राजदूत साबित होंगे। बधाई हो सर्जियो!'
गोर ने जताया आभार
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए गोर ने एक्स (X) पर लिखा, 'इस प्रशासन के महान कार्यों के माध्यम से अमेरिकी लोगों की सेवा करने से ज्यादा मुझे किसी चीज पर गर्व नहीं हुआ है! संयुक्त राज्य अमेरिका का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सम्मान होगा!'
कौन हैं सर्जियो गोर?
सर्जियो गोर का असली नाम सर्जियो गोरोकहोव्स्की (Sergio Gorokhovsky) है। उनका जन्म 30 नवंबर 1986 को ताशकंद (उज़्बेकिस्तान) में हुआ था। पढ़ाई उन्होंने जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी से की, जहां वे कॉलेज रिपब्लिकन्स के साथ एक्टिव रहे। इसी दौरान उन्होंने 2008 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में सीनेटर जॉन मैक्केन (John McCain) के अभियान का भी समर्थन किया।
राजनीति में शुरुआती सफर के दौरान गोर ने अमेरिकी सांसद मिशेल बाचमैन (Michele Bachmann), स्टीव किंग (Steve King) और रैंडी फोर्ब्स (Randy Forbes) के प्रवक्ता के तौर पर काम किया। मई 2013 में उन्होंने सीनेटर रैंड पॉल (Rand Paul) की RANDPAC (Political Action Committee) में कम्युनिकेशन डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली।
ट्रंप परिवार से नजदीकी
राजनीति से आगे बढ़कर गोर ने ट्रंप परिवार से गहरे रिश्ते बनाए। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप जूनियर (Donald Trump Jr.) के साथ मिलकर Winning Team Publishing की सह-स्थापना की, जिसने डोनाल्ड ट्रंप पर आधारित कई किताबें प्रकाशित कीं। इसके अलावा, वे ट्रंप समर्थक राजनीतिक एक्शन कमेटी Right for America के भी प्रमुख रहे। नवंबर 2024 में डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस प्रेसिडेंशियल पर्सनल ऑफिस (Presidential Personnel Office) का डायरेक्टर नियुक्त किया।
विवादों से भी जुड़ा नाम
न्यूयॉर्क टाइम्स (New York Times) ने सर्जियो गोर को ट्रंप का 'वफादारी के लिए कीमती सहयोगी बताया था, लेकिन साथ ही उन्हें मनमौजी (capricious) निर्णय लेने वाला भी कहा। खबरों के मुताबिक, गोर की एलन मस्क (Elon Musk) से भी टकराव हुआ, जो उस वक्त प्रशासन में लागत घटाने की मुहिम चला रहे थे। यह विवाद इतना बढ़ा कि मस्क ने सोशल मीडिया पर गोर को सांप कहकर निशाना साधा।
अब भारत में नई भूमिका
सर्जियो गोर, सीनेट से मंज़ूरी मिलने के बाद, भारत में अगले अमेरिकी राजदूत के रूप में एरिक गार्सेटी (Eric Garcetti) की जगह लेंगे। गार्सेटी ने 11 मई 2023 से 20 जनवरी 2025 तक भारत में अमेरिकी राजदूत के तौर पर काम किया था। उनसे पहले केनेथ जस्टर (Kenneth Juster) यह जिम्मेदारी 23 नवंबर 2017 से 20 जनवरी 2021 तक निभा चुके थे।












Click it and Unblock the Notifications