Sriram Krishnan: चेन्नई में जन्मे श्रीराम कृष्णन कौन हैं, जिन्हें डोनाल्ड ट्रंप ने बनाया US का अगला AI एडवाइजर
Who is Sriram Krishnan: अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय-अमेरिकी कारोबारी और पूंजीपति श्रीराम कृष्णन को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर वरिष्ठ नीति सलाहकार नियुक्त किया है। ट्रंप ने कहा, "श्रीराम कृष्णन व्हाइट हाउस के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नीति कार्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वरिष्ठ नीति सलाहकार के रूप में काम करेंगे।"
कृष्णन, डेविड सैक्स के साथ काम करेंगे, जो कि PayPal के सीओओ रह चुके हैं और ट्रंप द्वारा एआई और क्रिप्टो पर व्हाइट हाउस नीति का नेतृत्व करने के लिए चुने गए हैं।

उन्होंने कहा, "डेविड सैक्स के साथ मिलकर काम करते हुए, श्रीराम एआई में निरंतर अमेरिकी नेतृत्व सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे और विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर राष्ट्रपति की सलाहकार परिषद के साथ काम करने सहित सरकार भर में एआई नीति को आकार देने और समन्वय करने में मदद करेंगे।"
हालांकि, श्रीराम कृष्णन सिलिकॉन वैली के लिए नए नहीं हैं, लेकिन वे अमेरिका की टेक्नोलॉजिकल इको-सिस्टम में उस वक्त प्रसिद्ध हुए, जब ट्विटर खरीदने के बाद एलन मस्क ने उन्हें प्लेटफॉर्म को चलाने के लिए कहा था। श्रीराम कृष्णन, भारतीय-अमेरिकी सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उन्हें व्हाइट हाउस में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना, भारतीयों के लिए एक गर्व की बात है।
चेन्नई में हुआ है श्रीराम कृष्णन का जन्म (Who is Sriram Krishnan)
भारतीय शहर चेन्नाई में जन्मे कृष्णन ने सिलिकॉन वैली में एक रणनीतिक विचारक और निर्माता के रूप में प्रतिष्ठा बनाई है। उनके करियर की कहानी में फेसबुक (जिसे अब मेटा कहा जाता है), ट्विटर और स्नैप जैसी तकनीकी दिग्गजों में प्रभावशाली भूमिकाएं शामिल हैं। फेसबुक में, कृष्णन ने फेसबुक ऑडियंस नेटवर्क को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जो Google की विज्ञापन टेक्नोलॉजी के साथ प्रतिस्पर्धा करता है।
ट्विटर में अपने पहले कार्यकाल के दौरान, उन्होंने यूजर्स बढ़ाने के लिए काम किया था।
ऑपरेशनल भूमिकाओं से आगे बढ़ते हुए, कृष्णन सिलिकॉन वैली की सबसे प्रमुख उद्यम पूंजी फर्मों में से एक, आंद्रेसेन होरोविट्ज़ (a16z) में एक जनरल पार्टनर के रूप में शामिल हुए। a16z में, उन्होंने उभरती हुई तकनीकों, खासतौर से AI और क्रिप्टोकरेंसी पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने इस फर्म के अंतर्राष्ट्रीय विस्तार का भी नेतृत्व किया है, जिसमें लंदन में ऑफिस खोलना शामिल है, जो a16z का संयुक्त राज्य अमेरिका के बाहर पहला दफ्तर है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर क्या है नजरिया? ?(Donald Trump names Sriram Krishnan as AI advisor)
वरिष्ठ एआई नीति सलाहकार के रूप में कृष्णन की भूमिका एक महत्वपूर्ण मोड़ पर तब आई है, जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जियो-पॉलिटिक्स, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और आर्थिक विकास को तेजी से प्रभावित कर रहा है। a16z में उनका काम एआई में उभरते रुझानों के साथ नजदीकी से जुड़ा हुआ है, जिसमें जनरेटिव एआई, व्यक्तिगत एआई सहायकों में प्रगति और ऐसी तकनीकों को लागू करने के नैतिक विचार शामिल हैं।
लेकिन, कृष्णन को एआई के लिए वरिष्ठ एआई नीति सलाहकार के रूप में नियुक्त किए जाने पर तकनीकी समुदाय के विशेषज्ञों और टिप्पणीकारों की ओर से कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोग एआई नीति के प्रति प्रशासन के दृष्टिकोण, खास तौर से संभावित डिरेगुलेशन के संबंध में, के बारे में आशंकित हैं।
कई लोग तकनीकी उद्योग के नेताओं जैसे कृष्णन और सैक्स की एआई नीति में भागीदारी को संभावित हितों के टकराव के रूप में देखते हैं। कृष्णन की माइक्रोसॉफ्ट, ट्विटर और मेटा जैसी कंपनियों के साथ जुड़ाव को देखते हुए, कुछ ऑब्जर्वर्स को चिंता है, कि उनकी नियुक्ति से सार्वजनिक हित के बजाय बड़ी तकनीकी कंपनियों के पक्ष में नीतियां बन सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications