कौन हैं अपूर्वा रामास्वामी? डोनाल्ड ट्रंप के साथ इनकी मुलाकात चर्चा में क्यों है?
डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर से अमेरिका के राष्ट्रपति पद की दौड़ में हैं। इसमें उनका साथ उनके पूर्व प्रतिद्वंदी विवेक रामास्वामी दे रहे हैं। इस बीच शनिवार को ट्रंप के आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में विवेक रामास्वामी भी शामिल हुए। दोनों को साथ देख वहां पर मौजूद लोगों की खुशी का ठिकाना न रहा। इस दौरान लोगों ने VP-VP(वाइस प्रेसीडेंट) के नारे भी लगाए।
दरअसल ट्रंप के समर्थकों ने शनिवार को Mar-a-Lago में MEGA (मेक अमेरिका-ग्रेट अगेन) कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, विवेक रामास्वामी और उनकी पत्नी अपूर्वा रामास्वामी भी शामिल हुईं। आपको बता दें कि 2020 में आए कोरोना संकट के बाद Mar-a-Lago में यह पहला कार्यक्रम है।

सोशल मीडिया पर कार्यक्रम से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें डोनाल्ड ट्रंप, विवेक रामास्वामी, मेलानिया ट्रंप और अपूर्वा रामास्वामी साथ कार्यक्रम में पहुंचते हैं। बीते कुछ समय में ये पहली बार है जब मेलानिया, डोनाल्ड ट्रंप के साथ किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखी हैं। इससे पहले कई अवसरों पर ट्रंप अकेले ही दिखाई देते रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि दोनों के बीच कुछ खटपट चल रही है।
हालांकि इस मुलाकात के बाद मेलानिया से अधिक चर्चा कार्यक्रम में विवेक रामास्वामी के साथ अपूर्वा रामास्वामी की मौजूदगी को लेकर हो रही है। आपको बता दें कि इससे पहले भी रामास्वामी और ट्रंप एक साथ स्टेज शेयर कर चुके हैं।
ट्रंप ने आयोवा कॉकस में अपनी हार के बाद ट्रंप को अपना समर्थन दिया था जिसके बाद दोनों न्यू हैंपशायर प्राइमरी के चुनाव प्रचार में एक साथ दिखाई दिए थे। तब भी कई लोगों ने रामास्वामी को देखकर वीपी-वीपी के नारे लगाए थे। लेकिन रामास्वामी और ट्रंप के बीच इस मुलाकात के मायने अलग हैं।
दरअसल पिछली बार 2020 में जब इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ था तो ट्रंप और मेलानिया के साथ फ्लोरिडा के गर्वनर रॉन डिसेंटिस और उनकी पत्नी केसी डेसेंटिस पहुंचे थे। तब रॉन डिसेंटिस को ट्रंप का उत्तराधिकारी माना गया। लेकिन चार साल के बाद स्थिति बदल चुकी है। इस बार रामास्वामी, डिसेंटिस की जगह लेते दिखाई दे रहे हैं।
आपको बता दें कि रॉन डिसेंटिस भी अपनी दावेदारी को छोड़कर ट्रंप को अपना समर्थन दे चुके हैं मगर Mar-a-Lago में इस बार उनकी जगह रामास्वामी को मिल गई है। यही वजह है कि जब विवेक रामास्वामी और उनकी पत्नी अपूर्वा रामास्वामी ट्रंप फैमिली के साथ एक मंच पर दिखे तो इंटरनेट पर हंगामा मच गया।
इसके बाद तो "वीपी एनर्जी", "विवेक फॉर वीपी", "मुझे विवेक का ट्रंप टीम में होना पसंद है" जैसे ट्वीट्स एक्स पर ट्रेंड करने लगे। एक यूजर ने एक्स पर इससे जुड़े एक पोस्ट में लिखा, "अमेरिका का वीपी कौन होगा... यह जानने के लिए मैं इससे पहले कभी भी जीवन में इतना एक्साइटेड नहीं हुआ था।" वहीं, एक अन्य शख्स ने लिखा कि, "अब इस तस्वीर से साफ हो गया है कि विवेक रामास्वामी ही अमेरिका के उपराष्ट्रपति बनने वाले हैं।"
कौन हैं अपूर्वा रामास्वामी?
आपको बता दें कि अमेरिका में विवेक की बढ़ती लोकप्रियता के बीच, उनकी पत्नी अपूर्वा रामास्वामी की लोकप्रियता में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है। अपूर्वा पेशे से एक डॉक्टर हैं। शादी से पहले अपूर्वा का उपनाम तिवारी था।

अपूर्वा फिलहाल न्यूयॉर्क प्रेस्बिटेरियन अस्पताल कोलंबिया में प्रैक्टिस कर रही हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई येल में की थी और यहां से एमडी की डिग्री हासिल की। मेडिकल की भाषा में कहें तो अपूर्वा एक लैरींगोलॉजिस्ट हैं। इस विधा में सिर और गर्दन के कैंसर और न्यूरोडीजेनेरेटिव जैसी बीमारी का ईलाज किया जाता है।
इसके अलावा अपूर्वा ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी में ओटोलरींगोलॉजी-सिर और गर्दन सर्जरी विभाग में सहायक प्रोफेसर भी हैं। वह नेशनल फाउंडेशन ऑफ स्वॉलो डिसऑर्डर के मेडिकल सलाहकार बोर्ड और डिस्फेगिया रिसर्च सोसाइटी की कई समितियों में भी काम करती हैं।
विवेक रामास्वामी और अपूर्वा तिवारी की शादी 31 मई 2015 को हुई। द सन की रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस जोड़े की पहली मुलाकात तब हुई जब वे दोनों येल यूनिवर्सिटी में स्नातक छात्र थे। विवेक और अपूर्वा के दो बेटे हैं, कार्तिक और अर्जुन।
अपूर्वा ने कुछ महीने पहले बताया था कि विवेक उन्हें पहली ही मुलाकात में काफी दिलचस्प लगे थे। अपूर्वा ने बताया कि पहली मुलाकात में विवेक ने उन्हें इग्नोर कर दिया था। अपूर्वा ने बताया दोनों के बीच धीरे-धीरे बात शुरू हुई। बातचीत शुरू होने के बाद पता चला कि वो एक-दूसरे के पड़ोसी हैं। उनके विचार काफी मिलते-जुलते थे। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।












Click it and Unblock the Notifications