लूला की जीत से भारत को क्या मिलेगा? BRICS से लेकर 20 अरब डॉलर के कारोबार तक, समझिए पूरा खेल

ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में वामपंथी नेता लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो के बेटे फ्लेवियो बोल्सोनारो को कड़े मुकाबले में हरा दिया है। 25 अक्टूबर के इस जनादेश के साथ 80 वर्षीय लूला चौथी बार ब्राजील की कमान संभालने जा रहे हैं। दक्षिण अमेरिका में जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों का प्रभाव बढ़ रहा था, वहीं लूला की जीत ने रणनीतिक स्वायत्तता (Strategic Autonomy) और बहुपक्षवाद को नई ताकत दी है।

भारत के लिए लूला की जीत सिर्फ एक पुरानी दोस्ती का निरंतर बने रहना भर नहीं है बल्कि यह ग्लोबल साउथ, ट्रेड और नई तकनीकों में साथ मिलकर दुनिया को दिशा देने का बेहतरीन मौका है। इसका असर दोनों देशों के कारोबार, BRICS की राजनीति, ऊर्जा सुरक्षा और ग्लोबल साउथ की आवाज पर भी पड़ सकता है। ऐसे समय में जब अमेरिका और चीन के बीच खींचतान बढ़ रही है, लूला की वापसी भारत-ब्राजील रिश्तों को नई दिशा देने का मौका है।

Lula Victory Impact on India

लूला की जीत भारत के लिए क्यों अहम है?

लैटिन अमेरिका में ब्राजील भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देश BRICS के सदस्य हैं और चाहते हैं कि विकासशील देशों को वैश्विक फैसलों में ज्यादा जगह मिले। लूला बहुपक्षीय सहयोग और देशों को अपनी विदेश नीति के फैसले खुद लेने देने की वकालत करते रहे हैं।

फ्लावियो बोल्सोनारो की जीत से ब्राजील का अमेरिका के साथ राजनीतिक तालमेल बढ़ने की संभावना थी। लूला की जीत से फिलहाल उनकी मौजूदा विदेश नीति को निरंतरता मिलेगी। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं कि ब्राजील अमेरिका से दूरी बना लेगा या हर मुद्दे पर भारत का साथ देगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लूला के बीच फरवरी 2026 में हुई बातचीत में भी ग्लोबल साउथ की भूमिका पर जोर दिया गया था। अब असली चुनौती इस साझा सोच को व्यापार और रणनीतिक सहयोग में बदलने की है।

भारत-ब्राजील व्यापार 20 अरब डॉलर तक कैसे पहुंचेगा?

भारत और ब्राजील के बीच कारोबार तेजी से बढ़ा है। विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार 12.20 अरब डॉलर था, जो 2025 में 25 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 15.21 अरब डॉलर पहुंच गया। जनवरी से जून 2026 के बीच कारोबार करीब 8.77 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि से लगभग 37 प्रतिशत ज्यादा है।

जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की ब्राजील यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अगले पांच साल में कारोबार 20 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा था। लूला की वापसी से इस दिशा में काम जारी रखने का मौका मिलेगा।

भारत ब्राजील को पेट्रोलियम उत्पाद, दवाइयां, केमिकल, कृषि में इस्तेमाल होने वाले रसायन, इंजीनियरिंग सामान और कपड़े भेजता है। ब्राजील से भारत कच्चा तेल, सोयाबीन तेल, चीनी, कपास और लौह अयस्क खरीदता है।

दोनों देशों के पास कारोबार बढ़ाने की गुंजाइश है। भारतीय दवा कंपनियां ब्राजील में सस्ती दवाओं की पहुंच बढ़ा सकती हैं। ब्राजील की कृषि विशेषज्ञता भारत की खाद्य और औद्योगिक सप्लाई चेन के काम आ सकती है। लेकिन इसके लिए टैरिफ, नियमों में अंतर, ढुलाई की लागत और बाजार तक पहुंच जैसी अड़चनों पर काम करना होगा। भारत और दक्षिण अमेरिकी व्यापार समूह मर्कोसुर के बीच व्यापार समझौते का दायरा बढ़ना भी मददगार हो सकता है।

BRICS में भारत और ब्राजील की साझेदारी कितनी बदलेगी?

BRICS में भारत और ब्राजील के साथ चीन, रूस और दक्षिण अफ्रीका समेत नए सदस्य देश भी शामिल हैं। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद जैसे वैश्विक संस्थानों में सुधार की मांग करते रहे हैं। भारत के लिए स्थायी सदस्यता का मुद्दा इस साझेदारी को और अहम बनाता है।

लूला अंतरराष्ट्रीय कारोबार में स्थानीय मुद्राओं के इस्तेमाल के भी समर्थक हैं। फरवरी 2026 में भारत यात्रा के दौरान उन्होंने कहा था कि भारत और ब्राजील के बीच व्यापार के लिए हर बार अमेरिकी डॉलर का इस्तेमाल जरूरी नहीं है। रुपये और ब्राजील की मुद्रा रियल में भुगतान की कोशिश की जा सकती है।

उन्होंने यह भी साफ किया था कि BRICS की साझा मुद्रा बनाने की योजना और दो देशों के बीच अपनी मुद्राओं में भुगतान करना अलग-अलग बातें हैं। भारत के लिए रुपये-रियल में कारोबार एक अतिरिक्त विकल्प बन सकता है। हालांकि, इसके लिए भुगतान व्यवस्था, विनिमय दर में उतार-चढ़ाव और व्यापार के असंतुलन जैसे मुद्दों को सुलझाना होगा। डॉलर का इस्तेमाल तुरंत खत्म होने वाला नहीं है।

ग्लोबल साउथ को ताकत और पीएम मोदी का बड़ा बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2026 में लूला के भारत दौरे के समय साझा मंच से कहा था, "जब भारत और ब्राजील कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हैं, तो ग्लोबल साउथ की आवाज दुनिया में कहीं अधिक मजबूत और आत्मविश्वास से भरी सुनाई देती है।"

लूला की नीतियां भारत की संतुलन बनाने वाली विदेश नीति से मेल खाती हैं। दोनों देश अमेरिका और चीन के बीच जारी प्रतिस्पर्धा से दूर रहकर विकासशील देशों के हितों की रक्षा करना चाहते हैं।

क्रिटिकल मिनरल्स, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और एथेनॉल पर साथ

फरवरी 2026 में भारत और ब्राजील के बीच डिजिटल पार्टनरशिप, क्रिटिकल मिनरल्स, रेयर अर्थ्स और फार्मास्युटिकल सप्लाई चेन को लेकर समझौते हुए थे। भारत को अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने के लिए ब्राजील के दुर्लभ खनिजों और कच्चे माल की जरूरत है।

बदले में भारत ब्राजील को आईटी, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सस्ती दवाओं के क्षेत्र में सहयोग दे रहा है। इसके अलावा दोनों देश इथेनॉल ब्लेंडिंग, बायॉफ्यूल और सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) जैसे ग्रीन एनर्जी सेक्टर में मिलकर नई तकनीकों पर काम कर रहे हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+